सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

दैनिक न्यूज़ मेगेज़ीन 'सुबह सवेरे' भोपाल एवम इंदौर एडिशन में प्रकाशित कहानी ■ अधूरी चिठ्ठी , लेखक-रमेश शर्मा

■ अधूरी चिठ्ठी 

-------------------------------------------------------------------सड़क के किनारे अपने कदमों को बढाता हुआ वह चल रहा था । थका-मांदा उदास । मन में विचार आ-जा रहे थे। यह क्रम है कि खत्म ही नहीं हो रहा था । इस अजनबी शहर ने उदासी और हताशा के सिवाय उसे आज तक कुछ दिया ही नहीं। फिर भी यहाँ से जाने को उसका मन आखिर क्यों नहीं होता ? यह एक अजीब सा सवाल था जो चलते-चलते उसके मन में उठने लगा था । वह जाना भी चाहे तो आखिर कहाँ जाए ? जाने के लिए कोई जगह भी तो नियत हो।

उसके मन में उपजे इस सवाल का कोई जवाब नहीं था। जवाब के फेर में पड़े बिना ही वह चला जा रहा था। फरवरी का महीना। आसमान में धूप खिली हुई।एक बात अच्छी घट रही थी कि देह पर पड़ने वाली धूप की आंच देह को भली लग रही थी।सुबह के दस बज रहे होंगे जब इस तरह सडकों पर वह भटक रहा था। 

नज़र उठाकर उसने इधर उधर देखा ....सड़क किनारे रखे कचरे के डिब्बे पर चढ़कर बच्चे खेल रहे थे। उनकी देह पर मैले कुचैले कपड़े न जाने कब से पड़े थे । उनके लिए यह सिर्फ खेल भर नहीं था । खेल के साथ साथ वे अपनी जरूरत की चीजें भी वहां ढूँढ़ रहे थे।उसने गौर से देखा ...एक बच्चा ब्रेड के फेंके गए पेकेट से बचे हुए ब्रेड निकाल कर मुंह में भर रहा था। एक बच्चा कूड़े से बीन बीन कर अपनी जेब में कुछ रखे जा रहा था । एक बच्चे के हाथ में एक बंद लिफाफा था, जो संभवतः उसी कचरे के डिब्बे से उसे मिला था।वह बच्चा बेमन से उसे उलट-पुलट कर देख रहा था । उसके बाल मन ने जब तय कर लिया कि यह लिफाफा उसके किसी काम का नहीं , तब उसने उसे सड़क किनारे ही फेंक दिया । बच्चों की सारी गतिविधियों को कुछ देर खड़े होकर देखने में उसे बेचैनी सी महसूस होने लगी थी । हंगर इंडेक्स के आंकड़े उसकी आँखों के सामने नाचने लगे थे । यूँ ही बेमन से चलते हुए जब फेंका हुआ लिफाफा उसके कदमों के सामने आ गिरा तब उस लिफ़ाफ़े को उठाकर उसने अपने पास रख लिया । उस वक्त इस शहर से ज्यादा इस शहर के लोगों के बारे में वह सोच रहा था।

“ गरीब बच्चे अपनी जरूरत की चीजें कचरे के ढेर पर तलाशते हुए क्यों दीख जाते हैं ?” जब इस सवाल में निहित दृश्य उसकी आँखों के सामने पहली बार दिखायी पड़ा था तब तकरीबन वह दस साल की उम्र का रहा होगा। पिता बहुत पहले दुनिया छोड़ गए थे । तब माँ के हिस्से उसकी सारी जिम्मेदारी थी। यह उन दिनों की घटना थी जब वह अपने कस्बे में रहता था । वह स्कूल जाता और माँ दूसरों के घरों में बर्तन और झाडू पोंछा का काम करती । शाम आते आते वह जब थककर निढाल हो जाती तब वह माँ के पांव दबा देता था। जिन्दगी की बस यही छोटी सी कहानी उनदिनों थी। वह नहीं चाहता था कि उसके जीवन की कहानी बड़ी होकर विस्तारित होने लगे । पर जीवन की कहानी कभी न कभी बड़ी तो हो ही जाती है। कहानी सुख दुःख को साथ लेकर ही विस्तारित होती है । सुख के आने के आसार जीवन में कम थे । जब कहानी बड़ी हुई तो बड़े दुःख ने अनायास जीवन में प्रवेश किया । काम का बोझ ज्यादा रहा या दुःख एवं बीमारी का दंश कि माँ अचानक एक दिन चल बसी । जीवन में अनायास हुए बदलावों ने जीवन की छोटी सी कहानी को एकदम बड़ा बना दिया । जीवन की वह कहानी फिर दिनोंदिन बड़ी होती चली गयी । अनगिनत घटनाएं, अनगिनत प्रसंग । इस कहानी में दस साल की उम्र में आँखों में समाया वह दृश्य अपनी जगह पर आज भी स्थिर है । कभी इस दृश्य का हिस्सा उसे भी बनना पड़ा था, यह सोचकर ही उसके पसीने छूट गए। चलते-चलते एक छाँव वाली जगह पर वह बैठ गया। बच्चे के हाथ से फेंका गया वह लिफाफा अब उसके हाथ में था । उस बिना पता लिखे लिफ़ाफ़े के भीतर रखी चिट्ठी को खोलकर वह अनिच्छा से पढ़ने लगा । यह किसी प्रेमी की चिट्ठी थी जो उसने अपनी प्रेमिका के लिए लिखी थी । पत्र पढ़ते पढ़ते वह भावुक हो रहा था।

'चिठ्ठी लिखी तो है मैंने पर तुम तक पहुँच नहीं सकती!यह अनुपयोगी ही रह जाएगी । तुम इतनी दूर हो चुकीं मुझसे कि कोई डोरी अब तुम्हें मुझसे जोड़ नहीं सकती !' 

आगे चिठ्ठी में आड़ी तिरछी रेखाएं बनी हुई थीं। उन रेखाओं से आसमान में उड़ती हुई एक लड़की का चित्र बन रहा था । उसे एकबारगी महसूस हुआ कि चिट्ठी लिखने वाला कोई चित्रकार रहा होगा । इन चित्रों के ऊपर दाग धब्बे उभर आये थे । दाग धब्बों के लिए जिम्मेदार नमी आँखों की थी या मौसम की , इसके राज उन दाग धब्बों में ही दफन थे। लड़की उसके जीवन से भर दूर हुई थी या इस दुनिया से , उसकी समझ से सारी चीजें परे होती गयीं थीं । चिठ्ठी एक रहस्य और वेदना को लिए लिफ़ाफ़े में कैद होकर कचरे के डिब्बे में फेंकी गयी थी । पहली बार जिस बच्चे ने इस चिठ्ठी को कचरे के डिब्बे से उठाया था संभव है वह भी इसी तरह किसी के द्वारा फेंका गया हो । कचरे के डिब्बों में जीवन ढूँढने वाले बच्चे अक्सर अनाथ ही होते हैं। 

'दुनिया में बहुत सारी चीजें इसी तरह फेंक दी जाती हैं' यह सोचकर ही वह कुछ देर के लिए सहम गया ! चीजें कैसे अनुपयोगी हो जाती हैं , यहां तक बच्चे भी ! चिट्ठी पढ़कर अचानक उसे अपने कस्बे की याद हो आयी । उसका अपना कस्बा भी तो कब का उठाकर उसे फेंक चुका। माँ गयी तो उसका कस्बा भी उसकी हाथ से रेत की तरह फिसल गया । किसी ने उसे पनाह नहीं दी। निष्ठुर लोग और एक निष्ठुर सा कस्बा ! पंद्रह साल का बच्चा अकेले करे तो क्या करे ? पेट की समस्या अलग। फिर एक दिन शहर के स्टेशन से गुजरती छुक छुक करती रेल गाड़ी ने उसे अपनी गोदी में बिठाकर यहाँ पहुंचा दिया । एक तेल मिल के मालिक की नज़र उस पर पड़ी।उसने उसे पनाह दी । शायद इसलिए पनाह दी उसने कि वह उसके काम का निकला । उसके मुनाफे में उसकी भूमिका थी । वह उसे कई बार डांटता, गाली गलौज भी करता। जीने के लिए उसने सहना भी सीख लिया था। जीवन की गाड़ी रेंगती रही धीरे धीरे । वह तो जीवन की कहानी को बहुत छोटा रखना चाहता था पर वह थी कि हर बार बड़ी होती गयी थी । इतने सालों बाद अब यहाँ से भी उसे फेंकने की तैयारी मिल मालिक ने कर ली है । उसने अपना मिल बंद करके कोई ज्यादा मुनाफे का बिजनेस सोच लिया है । वह कह चुका कि उस बिजनेस में उसकी कोई उपयोगिता नहीं । अब अचानक वह उसकी नज़र में अनुपयोगी कचरे में तब्दील हो गया है । आखिर अब वह कहाँ जाए ? कौन सा कस्बा तलाशे? लोग अचानक इतना संवेदनहीन, इतना निष्ठूर कैसे हो जाते हैं ? वह कुछ भी समझ पाने की स्थिति में नहीं था । 

चिठ्ठी पढ़ते और अपने बारे में यह सब सोचते हुए उसे झपकी सी आ गयी थी। उसकी आँखें अचानक खुलीं तो लगा कि वह भी तो एक अधूरी चिठ्ठी की तरह है जिसे समय ने लिखा। समय भी किसी चित्रकार से कम थोड़े ही है । इस चित्रकार की लिखी यह चिठ्ठी किस जगह फेंकी जाएगी और किस बच्चे के हाथ लगेगी , वह कुछ नहीं जानता। वह यह भी नहीं जानता कि    चिठ्ठियों के इस तरह अधूरे रह जाने पर दुनिया में कोई आहत होता भी है या नहीं ।       

-----------------------------------------------------------

टिप्पणियाँ

  1. अधूरी चिट्ठी , एक अच्छी और सम्वेदन शील कहानी है, हार्दिक बधाई शुभकामनाएं

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इन्हें भी पढ़ते चलें...

कौन हैं ओमा द अक और इनदिनों क्यों चर्चा में हैं।

आज अनुग्रह के पाठकों से हम ऐसे शख्स का परिचय कराने जा रहे हैं जो इन दिनों देश के बुद्धिजीवियों के बीच खासा चर्चे में हैं। आखिर उनकी चर्चा क्यों हो रही है इसको जानने के लिए इस आलेख को पढ़ा जाना जरूरी है। किताब: महंगी कविता, कीमत पच्चीस हजार रूपये  आध्यात्मिक विचारक ओमा द अक् का जन्म भारत की आध्यात्मिक राजधानी काशी में हुआ। महिलाओं सा चेहरा और महिलाओं जैसी आवाज के कारण इनको सुनते हुए या देखते हुए भ्रम होता है जबकि वे एक पुरुष संत हैं । ये शुरू से ही क्रान्तिकारी विचारधारा के रहे हैं । अपने बचपन से ही शास्त्रों और पुराणों का अध्ययन प्रारम्भ करने वाले ओमा द अक विज्ञान और ज्योतिष में भी गहन रुचि रखते हैं। इन्हें पारम्परिक शिक्षा पद्धति (स्कूली शिक्षा) में कभी भी रुचि नहीं रही ।  इन्होंने बी. ए. प्रथम वर्ष उत्तीर्ण करने के पश्चात ही पढ़ाई छोड़ दी किन्तु उनका पढ़ना-लिखना कभी नहीं छूटा। वे हज़ारों कविताएँ, सैकड़ों लेख, कुछ कहानियाँ और नाटक भी लिख चुके हैं। हिन्दी और उर्दू में  उनकी लिखी अनेक रचनाएँ  हैं जिनमें से कुछ एक देश-विदेश की कई प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुक...

रघुनंदन त्रिवेदी की कहानी : हम दोनों

स्व.रघुनंदन त्रिवेदी मेरे प्रिय कथाकाराें में से एक रहे हैं ! आज 17 जनवरी उनका जन्म दिवस है।  आम जन जीवन की व्यथा और मन की बारिकियाें काे अपनी कहानियाें में मौलिक ढंग से व्यक्त करने में वे सिद्धहस्त थे। कम उम्र में उनका जाना हिंदी के पाठकों को अखरता है। बहुत पहले कथादेश में उनकी काेई कहानी पढी थी जिसकी धुंधली सी याद मन में है ! आदमी काे अपनी चीजाें से ज्यादा दूसराें की चीजें  अधिक पसंद आती हैं और आदमी का मन खिन्न हाेते रहता है ! आदमी घर बनाता है पर उसे दूसराें के घर अधिक पसंद आते हैं और अपने घर में उसे कमियां नजर आने लगती हैं ! आदमी शादी करता है पर किसी खूबसूरत औरत काे देखकर अपनी पत्नी में उसे कमियां नजर आने लगती हैं ! इस तरह की अनेक मानवीय मन की कमजाेरियाें काे बेहद संजीदा ढंग से कहानीकार पाठकाें के सामने प्रस्तुत करते हैं ! मनुष्य अपने आप से कभी संतुष्ट नहीं रहता, उसे हमेशा लगता है कि दुनियां थाेडी इधर से उधर हाेती ताे कितना अच्छा हाेता !आए दिन लाेग ऐसी मन: स्थितियाें से गुजर रहे हैं , कहानियां भी लाेगाें काे राह दिखाने का काम करती हैं अगर ठीक ढंग से उन पर हम अपना ध्यान केन्...

परदेशी राम वर्मा की कहानी दोगला

परदेशी राम वर्मा की कहानी दोगला वागर्थ के फरवरी 2024 अंक में है। कहानी विभिन्न स्तरों पर जाति धर्म सम्प्रदाय जैसे ज्वलन्त मुद्दों को लेकर सामने आती है।  पालतू कुत्ते झब्बू के बहाने एक नास्टेल्जिक आदमी के भीतर सामाजिक रूढ़ियों की जड़ता और दम्भ उफान पर होते हैं,उसका चित्रण जिस तरह कहानी में आता है वह ध्यान खींचता है। दरअसल मनुष्य के इसी दम्भ और अहंकार को उदघाटित करने की ओर यह कहानी गतिमान होती हुई प्रतीत होती है। पालतू पेट्स झब्बू और पुत्र सोनू के जीवन में घटित प्रेम और शारीरिक जरूरतों से जुड़ी घटनाओं की तुलना के बहाने कहानी एक बड़े सामाजिक विमर्श की ओर आगे बढ़ती है। पेट्स झब्बू के जीवन से जुड़ी घटनाओं के उपरांत जब अपने पुत्र सोनू के जीवन से जुड़े प्रेम प्रसंग की घटना उसकी आँखों के सामने घटित होते हैं तब उसके भीतर की सामाजिक जड़ता एवं दम्भ भरभरा कर बिखर जाते हैं। जाति, समाज, धर्म जैसे मुद्दे आदमी को झूठे दम्भ से जकड़े रहते हैं। इनकी बंधी बंधाई दीवारों को जो लांघता है वह समाज की नज़र में दोगला होने लगता है। जाति धर्म की रूढ़ियों में जकड़ा समाज मनुष्य को दम्भी और अहंकारी भी बनाता है। कहानी इन दीवा...

समकालीन कविता और युवा कवयित्री ममता जयंत की कविताएं

समकालीन कविता और युवा कवयित्री ममता जयंत की कविताएं दिल्ली निवासी ममता जयंत लंबे समय से कविताएं लिख रही हैं। उनकी कविताओं को पढ़ते हुए यह बात कही जा सकती है कि उनकी कविताओं में विचार अपनी जगह पहले बनाते हैं फिर कविता के लिए जरूरी विभिन्न कलाएं, जिनमें भाषा, बिम्ब और शिल्प शामिल हैं, धीरे-धीरे जगह तलाशती हुईं कविताओं के साथ जुड़ती जाती हैं। यह शायद इसलिए भी है कि वे पेशे से अध्यापिका हैं और बच्चों से रोज का उनका वैचारिक संवाद है। यह कहा जाए कि बच्चों की इस संगत में हर दिन जीवन के किसी न किसी कटु यथार्थ से वे टकराती हैं तो यह कोई अतिशयोक्ति भरा कथन नहीं है। जीवन के यथार्थ से यह टकराहट कई बार किसी कवि को भीतर से रूखा बनाकर भाषिक रूप में आक्रोशित भी कर सकता है । ममता जयंत की कविताओं में इस आक्रोश को जगह-जगह उभरते हुए महसूसा जा सकता है। यह बात ध्यातव्य है कि इस आक्रोश में एक तरलता और मुलायमियत है। इसमें कहीं हिंसा का भाव नहीं है बल्कि उद्दात्त मानवीय संवेदना के भाव की पीड़ा को यह आक्रोश सामने रखता है । नीचे कविता की कुछ पंक्तियों को देखिए, ये पंक्तियाँ उसी आक्रोश की संवाहक हैं - सोचना!  सो...

30 अक्टूबर पुण्यतिथि पर डॉ राजू पांडे को याद कर रहे हैं बसंत राघव "सत्यान्वेषी राजू पांडेय के नहीं होने का मतलब"

डॉक्टर राजू पांडेय शेम शेम मीडिया, बिकाऊ मीडिया, नचनिया मीडिया,छी मीडिया, गोदी मीडिया  इत्यादि इत्यादि विशेषणों से संबोधित होने वाली मीडिया को लेकर चारों तरफ एक शोर है , लेकिन यह वाकया पूरी तरह सच है ऐसा कहना भी उचित नहीं लगता ।  मुकेश भारद्वाज जनसत्ता, राजीव रंजन श्रीवास्तव देशबन्धु , सुनील कुमार दैनिक छत्तीसगढ़ ,सुभाष राय जनसंदेश टाइम्स जैसे नामी गिरामी संपादक भी आज मौजूद हैं जो राजू पांंडेय को प्रमुखता से बतौर कॉलमिस्ट अपने अखबारों में जगह देते रहे हैं। उनकी पत्रकारिता जन सरोकारिता और निष्पक्षता से परिपूर्ण रही है।  आज धर्म  अफीम की तरह बाँटी जा रही है। मेन मुद्दों से आम जनता का ध्यान हटाकर, उसे मशीनीकृत किया जा रहा है। वर्तमान परिपेक्ष्य में राजनीतिक अधिकारों, नागरिक आजादी और न्यायपालिका की स्वतंत्रता के क्षेत्र में गिरावट महसूस की जा रही है। राजू पांंडेय का मानना था कि " आज तंत्र डेमोक्रेसी  इलेक्टोरल ऑटोक्रेसी में तब्दील हो चुकी है ,जहां असहमति और आलोचना को बर्दाश्त नहीं किया जाता और इसे राष्ट्र विरोधी गतिविधि की संज्ञा दी जाती है।" स्थिति इतनी भयावह हो गई ...

डॉक्टर परिधि शर्मा की कहानी - ख़त

  शिवना नवलेखन पुरस्कार 2024 अंतर्गत डॉक्टर परिधि शर्मा के कहानी संग्रह 'प्रेम के देश में' की पाण्डुलिपि अनुसंशित हुई है। इस किताब का विमोचन फरवरी 2025 के नयी दिल्ली विश्व पुस्तक मेले में शिवना प्रकाशन के स्टाल पर  किया जाएगा । यहाँ प्रस्तुत है उनकी कहानी  'ख़त' कहानी:    ख़त डॉ . परिधि शर्मा _______________ रात की सिहरन के बाद की उदासी ठंडे फर्श पर बूंद बनकर ढुलक रही थी। रात के ख़त के बाद अब कोई बात नहीं बची थी। खुद को संभालने का साहस भी मात्र थोड़ा-सा बच गया था। ख़त जिसमें मन की सारी बातें लिखी गईं थीं। सारा आक्रोश , सारे जज़्बात , सारी भड़ास , सारी की सारी बातें जो कही जानी थीं , पूरे दम से आवेग के साथ उड़ेल दी गईं थीं। ख़त जिसे किसी को भी भेजा नहीं जाना था। ख़त जिसे किसी को भेजने के लिए लिखा गया था। कुछ ख़त कभी किसी को भेजे नहीं जाते बस भेजे जाने के नाम पर लिखे जाते हैं। खिड़की के कांच के उस ओर खुली हवा थी। हवा के ऊपर आकाश। पेड़ पौधे सबकुछ। आजादी। प्रेम में विफल हो जाने के बाद की आजादी की तरह। खिड़की के पास बैठे हुए आकाश कांच के पार से उतना नंगा नहीं...

जैनेंद्र कुमार की कहानी 'अपना अपना भाग्य' और मन में आते जाते कुछ सवाल

कहानी 'अपना अपना भाग्य' की कसौटी पर समाज का चरित्र कितना खरा उतरता है इस विमर्श के पहले जैनेंद्र कुमार की कहानी अपना अपना भाग्य पढ़ते हुए कहानी में वर्णित भौगोलिक और मौसमी परिस्थितियों के जीवंत दृश्य कहानी से हमें जोड़ते हैं। यह जुड़ाव इसलिए घनीभूत होता है क्योंकि हमारी संवेदना उस कहानी से जुड़ती चली जाती है । पहाड़ी क्षेत्र में रात के दृश्य और कड़ाके की ठंड के बीच एक बेघर बच्चे का शहर में भटकना पाठकों के भीतर की संवेदना को अनायास कुरेदने लगता है। कहानी अपने साथ कई सवाल छोड़ती हुई चलती है फिर भी जैनेंद्र कुमार ने इन दृश्यों, घटनाओं के माध्यम से कहानी के प्रवाह को गति प्रदान करने में कहानी कला का बखूबी उपयोग किया है। कहानीकार जैनेंद्र कुमार  अभावग्रस्तता , पारिवारिक गरीबी और उस गरीबी की वजह से माता पिता के बीच उपजी बिषमताओं को करीब से देखा समझा हुआ एक स्वाभिमानी और इमानदार गरीब लड़का जो घर से कुछ काम की तलाश में शहर भाग आता है और समाज के संपन्न वर्ग की नृशंस उदासीनता झेलते हुए अंततः रात की जानलेवा सर्दी से ठिठुर कर इस दुनिया से विदा हो जाता है । संपन्न समाज ऎसी घटनाओं को भाग्य से ज...

जीवन प्रबंधन को जानना भी क्यों जरूरी है

            जीवन प्रबंधन से जुड़ी सात बातें

2025-26 के इस बजट से मायूस हुए 16000 एन एच एम स्वास्थ्य संविदा कर्मचारी. छत्तीसगढ़ एन.एच.एम. कर्मचारियों के लिए बजट में कुछ भी नहीं है खास

2025-26 के इस बजट से मायूस हुए 16000 एन एच एम स्वास्थ्य संविदा कर्मचारी. छत्तीसगढ़ एन.एच.एम. कर्मचारियों के लिए बजट में कुछ भी नहीं. करोना योद्धा कर्मचारियों में भारी निराशा घोषित 27 प्रतिशत वेतन वृद्धि के लिए कई बार मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों से मुलाकत कर चुके हैं. छत्तीसगढ़ एन.एच.एम. कर्मचारी  बड़े आंदोलन की तैयारी में एन एच एम कर्मियों के आंदोलन में जाने से स्वास्थ्य व्यवस्था होगी प्रभावित “एनएचएम कर्मचारीयों को पूर्व घोषित 27 प्रतिशत वेतन-वृद्धि, सहित 18 बिंदु मांग को बजट 2025-26 में शामिल करने का था भरोसा रायपुर ।  छत्तीसगढ़ प्रदेश एन.एच.एम. कर्मचारी संघ अपने लंबित मांग को लेकर लगातार आवेदन-निवेदन-ज्ञापन देते आ रहे हैं एवं लम्बे समय से नियमितीकरण सहित 18 बिंदु को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। पिछली सरकार ने 19 जुलाई 2023 अनुपूरक बजट में एन.एच.एम. कर्मियों के वेतन में 27 प्रतिशत की राशि की बढ़ोतरी की घोषणा की थी, जो आज तक अप्राप्त हैं।उक्त संविदा कर्मचारी संघ ने लगातार विभिन्न विधायक/मंत्री सहित मुख्यमंत्री को अपना ज्ञापन दिया था, जिसका आज तक निराकरण नहीं हुआ है, जिससे कर्मचारियों म...

सुबह सवेरे अखबार में प्रकाशित कहानी: रेस्तरां से लौटते हुए

छुट्टी का  दिन था । वीकली ऑफ । उनके लिए छुट्टी का दिन याने मौज मस्ती का दिन। खाना पीना घूमना ।  एक ने कहा 'चौपाल जायेंगे , वहां लंच लेंगे ।'  'नहीं यार चौपाल नहीं , आज नारियल नेशन जायेंगे ।' - दूसरे ने झट से उसकी बात काटते हुए कह दिया  । दोनों की बातें सुनकर तीसरे ने हँसते हुए कहा 'तुम लोग भी न..... वही घिसी पिटी जगह ! अरे जीवन में जायका बदलने की भी सोचो , किसी नयी जगह की बात करो , ये क्या उसी जगह बार बार जाना ।'  तीसरे की बात सुनकर दोनों हक्का बक्का उसकी ओर देखने लगे थे ।उन दोनों को लगा कि यह सच बोल रहा है । पर  पहले ने बदलाव शब्द सुनकर आहें भरी और कहने लगा .... हमारे जीवन में बदलाव कहाँ है दोस्त ! वही रोज रोज का घिसा पिटा काम । सुबह हुई नहीं कि बीबी को नींद से जगाओ, टिफिन तैयार करवाने के लिए कहो। फिर बाथ रूम में जाकर हबड़ तबड़ नहाकर निकलो । कपड़े पहनो और भाग लो कम्पनी की बस पकड़ने। यार अब तो लगता है जैसे इसी रूटीन पर चलते चलते जिन्दगी के ऊपर जंग की एक परत जम गयी है । यह सब कहते कहते उसके चेहरे से नीरसता का भाव टपक पड़ा ।  दूसरा ज्यादा सोचता नहीं था । मानो...