सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

बल सर को याद करते हुए- लेखक, विचारक प्रो. हेमचन्द्र पांडेय

रायगढ़ अनेक प्रतिभाओं को जन्म देने वाली भूमि रही है। रायगढ़ से लगभग 15 किलोमीटर दूर झलमला नामक गांव में जन्मे प्रोफेसर डॉ दर्शन सिंह बल उन्हीं प्रतिभाओं में से एक रहे हैं जिन्होंने इस भूमि को थोड़ा और समृद्ध किया। तकनीकी क्षेत्र में अध्यापन की विशेषज्ञता के साथ साथ उनके भीतर की वैचारिकी भी उनकी एक खास विशेषता रही है।आज 17 मार्च को उनका जन्म दिन है।उनकी किताब मैं हूँ कौन की वैचारिकी के बहाने उनकी स्मृतियों पर प्रकाश डाल रहे हैं प्रोफेसर हेमचन्द्र पांडेय !

प्रोफेसर हेमचंद्र पांडेय  की पहचान लेखक होने के साथ साथ साहित्य के एक गम्भीर अध्येता के रूप में हमेशा से हम सबके बीच रही है।उनकी ओर से लिखे गए इस आलेख के माध्यम से डॉ.दर्शन सिंह बल के व्यक्तित्व और कृतित्व को समझना हमारे लिए थोड़ा और आसान हुआ है। - रमेश शर्मा, संपादक: अनुग्रह.

(डॉक्टर दर्शन सिंह बल , जन्म तिथि 17 मार्च) 

बल सर को याद करते हुए

इस लेख का शीर्षक जरूर "बल सर को याद करते हुए" दिया गया है लेकिन, सच तो यह है कि उन्हें भुलाना कभी संभव ही न हो सका।  

कोविड की महामारी ने जब हम से उन्हें छीन लिया, तब ऐसा लगा जैसे निविड़ अंधकार में अपने प्रकाश से पथ- प्रदर्शित करने वाले किसी लाइट हाउस की बत्ती अचानक गुल हो गई हो। 

बीसवीं सदी के उत्तरार्ध और इक्कीसवीं सदी के पूर्वार्ध के रायगढ़ जिले का इतिहास जिन सपूतों के उल्लेख के बिना अधूरा रहेगा, बल सर उनमें से एक थे। उनके संपर्क में रहे अधिकांश लोगों की तरह मैं भी उन्हें 'बल सर' ही कहता था। देश विदेश में बिखरे उनके बेशुमार शिष्यों, मित्रों और परिचितों के लिए वे 'आदरणीय' अधिक थे या 'प्रेमास्पद' अधिक, यह तय कर पाना मुश्किल है। शायद, इनमें से अधिकतर लोग उन्हें अपने फ्रेंड, फिलासफर और गाइड की तरह याद करना चाहेंगे। 

आज, 17 मार्च, उनका जन्म-दिवस है। विगत वर्ष, 2022 को, आज ही के दिन उनकी कविताओं का एक लघु संग्रह प्रकाशित हुआ था; शीर्षक था-'मैं हूं कौन'। 

O
यहां, इस संग्रह की कविताओं की चर्चा करने का उद्देश्य इन कविताओं की समीक्षा करना कदापि नहीं है। लक्ष्य, बस इन कविताओं पर बात करने के बहाने, बल सर के, 'फ्रेंड फिलॉसफर और गाइड' की विशेषताओं वाले, विराट व्यक्तित्व के कुछ पहलुओं को जिक्र के दायरे में लाना भर है। 

इस संग्रह की कविताओं में फ्रेंड की तरह 'दोस्ताना' है, फिलासफर की तरह 'चिंतन' है और गाइड की तरह 'मार्गदर्शन' है। बल सर उन थोड़े से लोगों में से थे जो जीवन को ही कलाकृति बना देने में विश्वास रखते हैं। ये कविताएं, उनकी 'साहित्यिकता' से अधिक  'जीवन को ही कला बना देने के उनके दृष्टिकोण' की  द्योतक हैं। इस संग्रह की 'संबंध' शीर्षक कविता में उन्होंने यह सवाल उठाया है कि- हमारे संबंध/ इतने घनिष्ठ होते हुए भी/ क्या आल्हादकारी हैं?/ बार-बार/ कलह-सुलह के सिवा/ हमें अब तक क्या मिला है? -इस प्रश्न का समाधान देते हुए भी उन्हें हम देखते हैं- 

तो क्यों नहीं/ अपने मन को हम/ इतना सहज सरल कर लेते/ कि एक दूसरे को/ अपनी बाहों में भर लेते। 

वे इस सवाल की और गहराई से पड़ताल भी करते हैं- 'मैं हूं कौन' शीर्षक कविता में वे लिखते हैं- नक्षत्र बुझ गए हैं/ दिखता है/ सिर्फ धूमकेतु/ एकाएक हो चले हैं रिश्ते/ सभी बेमानी/ भला कैसे कोई निभाए/ सामने हो जब/ अपना ही क्लोन। 

कुल जमा 29 कविताओं  के इस संग्रह का आकार भ्रमित करने वाला है। संवेदना और अर्थ की, इतनी गहराई और व्याप्ति है कि गागर में सागर जैसी स्थिति है। 'रावण का दुख' एक अच्छा उदाहरण है- रावण का दुख/ राम के हाथों मरना पड़ा/ या/ राम के हाथों मरने के लिए/ अबला सीता का अपहरण करना पड़ा!

रामायण और महाभारत  हमारी साहित्यिक विरासत के शाश्वत महत्त्व के ग्रंथ हैं। इन ग्रंथों के अनेक पात्रों पर इस संग्रह में बल सर ने अत्यंत छोटी किंतु, अर्थ- पूर्ण कविताएं लिखी हैं। 'ममता' शीर्षक कविता में वे लिखते हैं- न होती/ कैकेई जैसी माता/ तो भरत/ भरत का यश कैसे पाता।

इसी तरह 'अतीत' शीर्षक वाली यह क्षणिका उल्लेखनीय है- कुंती कर्ण संवाद/ पुराने घाव से/ रिसता हुआ मवाद।  

कभी-कभी वे शब्दों से खेलते हुए भी दिखते हैं; 'अपभ्रंश' कविता में वे लिखते हैं- युधिष्ठिर/ या/ बुद्धि स्थिर ! 

इस छोटे से संग्रह में विषयों का इतना अधिक वैविध्य है कि एक तरफ तो निर्मल हास्य उत्पन्न करने वाली कविताएं हैं तो दूसरी तरफ हमारे समय की प्रमुख समस्याओं पर चिंता और चिंतन करती हुई रचनाएं भी हैं। हास्य की बानगी देखिए - पत्नी को दुखी देख/ अम्मा ने स्नेह से पूछा/ बहू /उदास क्यों हो/ पत्नी बोली/ पड़ोसन की सास मर गई है/ वैसे ही पड़ोसन सुखी थी/ मुई उसे और सुखी कर गई है।

शिक्षा जगत की विरुपताओं-विसंगतियों की परतें उधेड़ते हुए वे अद्भुत हास्य और व्यंग्य की सृष्टि करते हैं। उनकी वह लंबी हास्य कविता 'अनुदान' तो संग्रह से ही पढ़ने लायक है जिसमें जंचने आईं उत्तर- पुस्तिकाओं के बंडल के कपड़े से बनियान और चड्डी बनवाकर पहने हुए प्रोफेसर साहब मौजूद हैं ! 

व्यंग्य की तीखी धार 'साम्यवाद' शीर्षक कविता में मिलती है- शिक्षक/ क्लासलेस सोसाइटी के आदी/और छात्र/ पक्के मार्क्सवादी। 

इस छोटे से संग्रह की कविताएं बल सर के बहुआयामी व्यक्तित्व का  मानों रचनात्मक साक्ष्य हैं। 

वही थे, जो एक तरफ लिख सकते थे- जब से नारी/ इस पृथ्वी पर/ आई है/ पुरुष ने/ अपने प्यार की इकाई पाई है - और दूसरी तरफ, हृदय बने ब्रह्मांड असीम/ बन जाए वसुधा बिंदु/ ममता की धारा दृष्टि में/आंखों में हो करुणा सिंधु।-भी लिखते थे।

कितना भी लिखूं, जानता हूं, बात पूरी हो न सकेगी ! अस्तु, आज उनके जन्मदिवस पर, सदैव संबल देने वाली,उनकी प्रेरक स्मृतियों को सादर नमन।

-हेमचंद्र पाण्डेय

 हंडी चौक , रायगढ़ (छत्तीसगढ़)

टिप्पणियाँ

  1. बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी डॉ दर्शन सिंह बल जी को सादर नमन।

    जवाब देंहटाएं
  2. दर्शन सिंह बल को उनके जन्मदिन पर इस रूप में याद करना बहुत स्तुत्य कार्य है। लेखक हेमचन्द्र जी एवम अनुग्रह परिवार का आभार कि उन्होंने एक गम्भीर शख्सियत से हमें परिचित करवाया।

    जवाब देंहटाएं
  3. अनुग्रह के संपादक और हेमचन्द्र जी का विशेष आभार .........पिताजी के कृतियाँ अपने आप में एक युग के दस्तावेज हैं...आगामी 7 मई को उनकी आत्मकथा भी आने वाली है... उनके रायगढ़ के इतिहास और उनके स्कूल जीवन के आलेख हमें रायगढ़ की जीवंत यात्रा की ओर ले जाते हैं .......... उनकी आँखों से रायगढ़ को देखना अद्भुत है...

    जवाब देंहटाएं
  4. आदरणीय बल सर जैसे प्रेरक व्यतित्व की कृति पर आपका आलेख पठनीय है। साधुवाद 🌹🌹

    जवाब देंहटाएं
  5. बहुत सारगर्भित समीक्षा बल सर के व्यक्तित्व व कृतित्व पर हेमचन्द्र जी ने की है।अनुग्रह का इस तरह का प्रयास उन लोगों को जानने में सार्थक साबित हो रहा है जिनके बारे में हम नहीं जान पाते। जिनके बारे में कहीं चर्चा भी नहीं होती हेमचंद्र जी और अनुग्रह संपादक का बहुत-बहुत आभार।

    जवाब देंहटाएं
  6. श्री हेमचंद्र पाण्डेय जी के साथ दो तीन बार बल सर से मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। वे अत्यंत सहज सरल, हास्य प्रेमी और वैज्ञानिक सोच तथा मानव जीवन मे गहरी पैठ वाले मिले। विलक्षण व्यक्तित्व के धनी श्री बल सर को विनम्र श्रद्धांजली और नमन।

    जवाब देंहटाएं
  7. दयानन्द अवस्थी17 मार्च 2023 को 9:21 pm बजे

    बल सर के बारे में यह आलेख गागर में सागर है।
    उनसे मेरी पहली मुलाक़ात जब मैं बिलासपुर कोनी में गुरु घासीदास वि वि में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहा था। तब हुई इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों से हमारे हॉस्टल के छात्रों के साथ कुछ मनमुटाव हो गया। बात बल सर तक पहुँची। यूनिवर्सिटी के छात्रों के प्रतिनिधि मण्डल में मैं भी था, तब बल सर ने मेरी उपस्थिति भर से सभी को कन्विंस करके मामले को आगे बढ़ने से न केवल रोका अपितु ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो इस हेतु मुझे सतत संपर्क में रहने के लिए भी कहा। उनकी यह प्रवृत्ति विरलों में पाई जाती है।बल सर जैसी विभूति को सादर नमन🙏🙏🙏🙏

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इन्हें भी पढ़ते चलें...

कौन हैं ओमा द अक और इनदिनों क्यों चर्चा में हैं।

आज अनुग्रह के पाठकों से हम ऐसे शख्स का परिचय कराने जा रहे हैं जो इन दिनों देश के बुद्धिजीवियों के बीच खासा चर्चे में हैं। आखिर उनकी चर्चा क्यों हो रही है इसको जानने के लिए इस आलेख को पढ़ा जाना जरूरी है। किताब: महंगी कविता, कीमत पच्चीस हजार रूपये  आध्यात्मिक विचारक ओमा द अक् का जन्म भारत की आध्यात्मिक राजधानी काशी में हुआ। महिलाओं सा चेहरा और महिलाओं जैसी आवाज के कारण इनको सुनते हुए या देखते हुए भ्रम होता है जबकि वे एक पुरुष संत हैं । ये शुरू से ही क्रान्तिकारी विचारधारा के रहे हैं । अपने बचपन से ही शास्त्रों और पुराणों का अध्ययन प्रारम्भ करने वाले ओमा द अक विज्ञान और ज्योतिष में भी गहन रुचि रखते हैं। इन्हें पारम्परिक शिक्षा पद्धति (स्कूली शिक्षा) में कभी भी रुचि नहीं रही ।  इन्होंने बी. ए. प्रथम वर्ष उत्तीर्ण करने के पश्चात ही पढ़ाई छोड़ दी किन्तु उनका पढ़ना-लिखना कभी नहीं छूटा। वे हज़ारों कविताएँ, सैकड़ों लेख, कुछ कहानियाँ और नाटक भी लिख चुके हैं। हिन्दी और उर्दू में  उनकी लिखी अनेक रचनाएँ  हैं जिनमें से कुछ एक देश-विदेश की कई प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुक...

जैनेंद्र कुमार की कहानी 'अपना अपना भाग्य' और मन में आते जाते कुछ सवाल

कहानी 'अपना अपना भाग्य' की कसौटी पर समाज का चरित्र कितना खरा उतरता है इस विमर्श के पहले जैनेंद्र कुमार की कहानी अपना अपना भाग्य पढ़ते हुए कहानी में वर्णित भौगोलिक और मौसमी परिस्थितियों के जीवंत दृश्य कहानी से हमें जोड़ते हैं। यह जुड़ाव इसलिए घनीभूत होता है क्योंकि हमारी संवेदना उस कहानी से जुड़ती चली जाती है । पहाड़ी क्षेत्र में रात के दृश्य और कड़ाके की ठंड के बीच एक बेघर बच्चे का शहर में भटकना पाठकों के भीतर की संवेदना को अनायास कुरेदने लगता है। कहानी अपने साथ कई सवाल छोड़ती हुई चलती है फिर भी जैनेंद्र कुमार ने इन दृश्यों, घटनाओं के माध्यम से कहानी के प्रवाह को गति प्रदान करने में कहानी कला का बखूबी उपयोग किया है। कहानीकार जैनेंद्र कुमार  अभावग्रस्तता , पारिवारिक गरीबी और उस गरीबी की वजह से माता पिता के बीच उपजी बिषमताओं को करीब से देखा समझा हुआ एक स्वाभिमानी और इमानदार गरीब लड़का जो घर से कुछ काम की तलाश में शहर भाग आता है और समाज के संपन्न वर्ग की नृशंस उदासीनता झेलते हुए अंततः रात की जानलेवा सर्दी से ठिठुर कर इस दुनिया से विदा हो जाता है । संपन्न समाज ऎसी घटनाओं को भाग्य से ज...

जीवन के उबड़ खाबड़ रास्तों की पहचान करातीं कहानियाँ

जीवन के उबड़ खाबड़ रास्तों की पहचान करातीं कहानियाँ ■सुधा ओम ढींगरा का सद्यः प्रकाशित कहानी संग्रह चलो फिर से शुरू करें ■रमेश शर्मा  -------------------------------------- सुधा ओम ढींगरा का सद्यः प्रकाशित कहानी संग्रह ‘चलो फिर से शुरू करें’ पाठकों तक पहुंचने के बाद चर्चा में है। संग्रह की कहानियाँ भारतीय अप्रवासी जीवन को जिस संवेदना और प्रतिबद्धता के साथ अभिव्यक्त करती हैं वह यहां उल्लेखनीय है। संग्रह की कहानियाँ अप्रवासी भारतीय जीवन के स्थूल और सूक्ष्म परिवेश को मूर्त और अमूर्त दोनों ही रूपों में बड़ी तरलता के साथ इस तरह प्रस्तुत करती हैं कि उनके दृश्य आंखों के सामने बनते हुए दिखाई पड़ते हैं। हमें यहां रहकर लगता है कि विदेशों में ,  खासकर अमेरिका जैसे विकसित देशों में अप्रवासी भारतीय परिवार बहुत खुश और सुखी होते हैं,  पर सुधा जी अपनी कहानियों में इस धारणा को तोड़ती हुई नजर आती हैं। वास्तव में दुनिया के किसी भी कोने में जीवन यापन करने वाले लोगों के जीवन में सुख-दुख और संघर्ष का होना अवश्य संभावित है । वे अपनी कहानियों के माध्यम से वहां के जीवन की सच्चाइयों से हमें रूबरू करवात...

छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक राजधानी रायगढ़ - डॉ. बलदेव

अब आप नहीं हैं हमारे पास, कैसे कह दूं फूलों से चमकते  तारों में  शामिल होकर भी आप चुपके से नींद में  आते हैं  जब सोता हूँ उड़ेल देते हैं ढ़ेर सारा प्यार कुछ मेरी पसंद की  अपनी कविताएं सुनाकर लौट जाते हैं  पापा और मैं फिर पहले की तरह आपके लौटने का इंतजार करता हूँ           - बसन्त राघव  आज 6 अक्टूबर को डा. बलदेव की पुण्यतिथि है। एक लिखने पढ़ने वाले शब्द शिल्पी को, लिख पढ़ कर ही हम सघन रूप में याद कर पाते हैं। यही परंपरा है। इस तरह की परंपरा का दस्तावेजीकरण इतिहास लेखन की तरह होता है। इतिहास ही वह जीवंत दस्तावेज है जिसके माध्यम से आने वाली पीढ़ियां अपने पूर्वज लेखकों को जान पाती हैं। किसी महत्वपूर्ण लेखक को याद करना उन्हें जानने समझने का एक जरुरी उपक्रम भी है। डॉ बलदेव जिन्होंने यायावरी जीवन के अनुभवों से उपजीं महत्वपूर्ण कविताएं , कहानियाँ लिखीं।आलोचना कर्म जिनके लेखन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा। उन्हीं के लिखे समाज , इतिहास और कला विमर्श से जुड़े सैकड़ों लेख , किताबों के रूप में यहां वहां लोगों के बीच आज फैले हुए हैं। विच...

ज्ञान प्रकाश विवेक, तराना परवीन, महावीर राजी और आनंद हर्षुल की कहानियों पर टिप्पणियां

◆ज्ञानप्रकाश विवेक की कहानी "बातूनी लड़की" (कथादेश सितंबर 2023) उसकी मृत्यु के बजाय जिंदगी को लेकर उसकी बौद्धिक चेतना और जिंदादिली अधिक देर तक स्मृति में गूंजती हैं।  ~~~~~~~~~~~~~~~~~ ज्ञान प्रकाश विवेक जी की कहानी 'शहर छोड़ते हुए' बहुत पहले दिसम्बर 2019 में मेरे सम्मुख गुजरी थी, नया ज्ञानोदय में प्रकाशित इस कहानी पर एक छोटी टिप्पणी भी मैंने तब लिखी थी। लगभग 4 साल बाद उनकी एक नई कहानी 'बातूनी लड़की' कथादेश सितंबर 2023 अंक में अब पढ़ने को मिली। बहुत रोचक संवाद , दिल को छू लेने वाली संवेदना से लबरेज पात्र और कहानी के दृश्य अंत में जब कथानक के द्वार खोलते हैं तो मन भारी होने लग जाता है। अंडर ग्रेजुएट की एक युवा लड़की और एक युवा ट्यूटर के बीच घूमती यह कहानी, कोर्स की किताबों से ज्यादा जिंदगी की किताबों पर ठहरकर बातें करती है। इन दोनों ही पात्रों के बीच के संवाद बहुत रोचक,बौद्धिक चेतना के साथ पाठक को तरल संवेदना की महीन डोर में बांधे रखकर अपने साथ वहां तक ले जाते हैं जहां कहानी अचानक बदलने लगती है। लड़की को ब्रेन ट्यूमर होने की जानकारी जब होती है, तब न केवल उसके ट्यूटर ...

परदेशी राम वर्मा की कहानी दोगला

परदेशी राम वर्मा की कहानी दोगला वागर्थ के फरवरी 2024 अंक में है। कहानी विभिन्न स्तरों पर जाति धर्म सम्प्रदाय जैसे ज्वलन्त मुद्दों को लेकर सामने आती है।  पालतू कुत्ते झब्बू के बहाने एक नास्टेल्जिक आदमी के भीतर सामाजिक रूढ़ियों की जड़ता और दम्भ उफान पर होते हैं,उसका चित्रण जिस तरह कहानी में आता है वह ध्यान खींचता है। दरअसल मनुष्य के इसी दम्भ और अहंकार को उदघाटित करने की ओर यह कहानी गतिमान होती हुई प्रतीत होती है। पालतू पेट्स झब्बू और पुत्र सोनू के जीवन में घटित प्रेम और शारीरिक जरूरतों से जुड़ी घटनाओं की तुलना के बहाने कहानी एक बड़े सामाजिक विमर्श की ओर आगे बढ़ती है। पेट्स झब्बू के जीवन से जुड़ी घटनाओं के उपरांत जब अपने पुत्र सोनू के जीवन से जुड़े प्रेम प्रसंग की घटना उसकी आँखों के सामने घटित होते हैं तब उसके भीतर की सामाजिक जड़ता एवं दम्भ भरभरा कर बिखर जाते हैं। जाति, समाज, धर्म जैसे मुद्दे आदमी को झूठे दम्भ से जकड़े रहते हैं। इनकी बंधी बंधाई दीवारों को जो लांघता है वह समाज की नज़र में दोगला होने लगता है। जाति धर्म की रूढ़ियों में जकड़ा समाज मनुष्य को दम्भी और अहंकारी भी बनाता है। कहानी इन दीवा...

'नेलकटर' उदयप्रकाश की लिखी मेरी पसंदीदा कहानी का पुनर्पाठ

उ दय प्रकाश मेरे पसंदीदा कहानी लेखकों में से हैं जिन्हें मैं सर्वाधिक पसंद करता हूँ। उनकी कई कहानियाँ मसलन 'पालगोमरा का स्कूटर' , 'वारेन हेस्टिंग्ज का सांड', 'तिरिछ' , 'रामसजीवन की प्रेम कथा' इत्यादि मेरी स्मृति में आज भी जीवंत रूप में विद्यमान हैं । हाल के दो तीन वर्षों में मैंने उनकी कहानी ' नींबू ' इंडिया टुडे साहित्य विशेषांक में पढ़ी थी जो संभवतः मेरे लिए उनकी अद्यतन कहानियों में आखरी थी । उसके बाद उनकी कोई नयी कहानी मैंने नहीं पढ़ी।वे हमारे समय के एक ऐसे कथाकार हैं जिनकी कहानियां खूब पढ़ी जाती हैं। चाहे कहानी की अंतर्वस्तु हो, कहानी की भाषा हो, कहानी का शिल्प हो या दिल को छूने वाली एक प्रवाह मान तरलता हो, हर क्षेत्र में उदय प्रकाश ने कहानी के लिए एक नई जमीन तैयार की है। मेर लिए उनकी लिखी सर्वाधिक प्रिय कहानी 'नेलकटर' है जो मां की स्मृतियों को लेकर लिखी गयी है। यह एक ऐसी कहानी है जिसे कोई एक बार पढ़ ले तो भाषा और संवेदना की तरलता में वह बहता हुआ चला जाए। रिश्तों में अचिन्हित रह जाने वाली अबूझ धड़कनों को भी यह कहानी बेआवाज सुनाने लग...

फादर्स डे पर परिधि की कविता : "पिता की चप्पलें"

  आज फादर्स डे है । इस अवसर पर प्रस्तुत है परिधि की एक कविता "पिता की चप्पलें"।यह कविता वर्षों पहले उन्होंने लिखी थी । इस कविता में जीवन के गहरे अनुभवों को व्यक्त करने का वह नज़रिया है जो अमूमन हमारी नज़र से छूट जाता है।आज पढ़िए यह कविता ......     पिता की चप्पलें   आज मैंने सुबह सुबह पहन ली हैं पिता की चप्पलें मेरे पांवों से काफी बड़ी हैं ये चप्पलें मैं आनंद ले रही हूं उन्हें पहनने का   यह एक नया अनुभव है मेरे लिए मैं उन्हें पहन कर घूम रही हूं इधर-उधर खुशी से बार-बार देख रही हूं उन चप्पलों की ओर कौतूहल से कि ये वही चप्पले हैं जिनमें होते हैं मेरे पिता के पांव   वही पांव जो न जाने कहां-कहां गए होंगे उनकी एड़ियाँ न जाने कितनी बार घिसी होंगी कितने दफ्तरों सब्जी मंडियों अस्पतालों और शहर की गलियों से गुजरते हुए घर तक पहुंचते होंगे उनके पांव अपनी पुरानी बाइक को न जाने कितनी बार किक मारकर स्टार्ट कर चुके होंगे इन्हीं पांवों से परिवार का बोझ लिए जीवन की न जाने कितनी विषमताओं से गुजरे होंगे पिता के पांव ! ...

परिधि शर्मा की कहानी : मनीराम की किस्सागोई

युवा पीढ़ी की कुछेक   नई कथा लेखिकाओं की कहानियाँ हमारा ध्यान खींचती रही हैं । उन कथा लेखिकाओं में एक नाम परिधि शर्मा का भी है।वे कम लिखती हैं पर अच्छा लिखती हैं। उनकी एक कहानी "मनीराम की किस्सागोई" हाल ही में परिकथा के नए अंक सितंबर-दिसम्बर 2024 में प्रकाशित हुई है । यह कहानी संवेदना से संपृक्त कहानी है जो वर्तमान संदर्भों में राजनीतिक, सामाजिक एवं मनुष्य जीवन की भीतरी तहों में जाकर हस्तक्षेप करती हुई भी नज़र आती है। कहानी की डिटेलिंग इन संदर्भों को एक रोचक अंदाज में व्यक्त करती हुई आगे बढ़ती है। पठनीयता के लिहाज से भी यह कहानी पाठकों को अपने साथ बनाये रखने में कामयाब नज़र आती है। ■ कहानी : मनीराम की किस्सागोई    -परिधि शर्मा  मनीराम की किस्सागोई बड़ी अच्छी। जब वह बोलने लगता तब गांव के चौराहे या किसी चबूतरे पर छोटी मोटी महफ़िल जम जाती। लोग अचंभित हो कर सोचने लगते कि इतनी कहानियां वह लाता कहां से होगा। दरअसल उसे बचपन में एक विचित्र बूढ़ा व्यक्ति मिला था जिसके पास कहानियों का भंडार था। उस बूढ़े ने उसे फिजूल सी लगने वाली एक बात सिखाई थी कि यदि वर्तमान में हो रही समस्याओं क...

समकालीन कहानी : अनिल प्रभा कुमार की दो कहानियाँ- परदेस के पड़ोसी, इंद्रधनुष का गुम रंग ,सर्वेश सिंह की कहानी रौशनियों के प्रेत आदित्य अभिनव की कहानी "छिमा माई छिमा"

■ अनिल प्रभा कुमार की दो कहानियाँ- परदेस के पड़ोसी, इंद्रधनुष का गुम रंग अनिलप्रभा कुमार की दो कहानियों को पढ़ने का अवसर मिला।परदेश के पड़ोसी (विभोम स्वर नवम्बर दिसम्बर 2020) और इन्द्र धनुष का गुम रंग ( हंस फरवरी 2021)।।दोनों ही कहानियाँ विदेशी पृष्ठ भूमि पर लिखी गयी कहानियाँ हैं पर दोनों में समानता यह है कि ये मानवीय संवेदनाओं के महीन रेशों से बुनी गयी ऎसी कहानियाँ हैं जिसे पढ़ते हुए भीतर से मन भींगने लगता है । हमारे मन में बहुत से पूर्वाग्रह इस तरह बसा दिए गए होते हैं कि हम कई बार मनुष्य के  रंग, जाति या धर्म को लेकर ऎसी धारणा बना लेते हैं जो मानवीय रिश्तों के स्थापन में बड़ी बाधा बन कर उभरती है । जब धारणाएं टूटती हैं तो मन में बसे पूर्वाग्रह भी टूटते हैं पर तब तक बहुत देर हो चुकी होती है। इन्द्र धनुष का गुम रंग एक ऎसी ही कहानी है जो अमेरिका जैसे विकसित देश में अश्वेतों को लेकर फैले दुष्प्रचार के भ्रम को तोडती है।अजय और अमिता जैसे भारतीय दंपत्ति जो नौकरी के सिलसिले में अमेरिका की अश्वेत बस्ती में रह रहे हैं, उनके जीवन अनुभवों के माध्यम से अश्वेतों के प्रति फैली गलत धारणाओं को यह कहान...