सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

समकालीन कहानी : अनिल प्रभा कुमार की दो कहानियाँ- परदेस के पड़ोसी, इंद्रधनुष का गुम रंग ,सर्वेश सिंह की कहानी रौशनियों के प्रेत आदित्य अभिनव की कहानी "छिमा माई छिमा"

अनिल प्रभा कुमार की दो कहानियाँ- परदेस के पड़ोसी, इंद्रधनुष का गुम रंग

अनिलप्रभा कुमार की दो कहानियों को पढ़ने का अवसर मिला।परदेश के पड़ोसी (विभोम स्वर नवम्बर दिसम्बर 2020) और इन्द्र धनुष का गुम रंग ( हंस फरवरी 2021)।।दोनों ही कहानियाँ विदेशी पृष्ठ भूमि पर लिखी गयी कहानियाँ हैं पर दोनों में समानता यह है कि ये मानवीय संवेदनाओं के महीन रेशों से बुनी गयी ऎसी कहानियाँ हैं जिसे पढ़ते हुए भीतर से मन भींगने लगता है । हमारे मन में बहुत से पूर्वाग्रह इस तरह बसा दिए गए होते हैं कि हम कई बार मनुष्य के  रंग, जाति या धर्म को लेकर ऎसी धारणा बना लेते हैं जो मानवीय रिश्तों के स्थापन में बड़ी बाधा बन कर उभरती है । जब धारणाएं टूटती हैं तो मन में बसे पूर्वाग्रह भी टूटते हैं पर तब तक बहुत देर हो चुकी होती है। इन्द्र धनुष का गुम रंग एक ऎसी ही कहानी है जो अमेरिका जैसे विकसित देश में अश्वेतों को लेकर फैले दुष्प्रचार के भ्रम को तोडती है।अजय और अमिता जैसे भारतीय दंपत्ति जो नौकरी के सिलसिले में अमेरिका की अश्वेत बस्ती में रह रहे हैं, उनके जीवन अनुभवों के माध्यम से अश्वेतों के प्रति फैली गलत धारणाओं को यह कहानी तोडती है और श्वेत नागरिकों जिनके प्रति समाज में अच्छी धारणाएं हैं ,उनकी अमानवीयता को सामने लाती है ।अश्वेत महिला आलियाह का भाई कोफ़ी जो कि एक इनोसेंट सा युवा है , उसके ऊपर मिथ्या चोरी का आरोप लगाकर जिस तरह पुलिसिया अत्याचार के दृश्य कहानी में अमिता के सामने घटित होते हैं,उसके लिए वे दिल दहला देने वाले दृश्य हैं । श्वेतों द्वारा अश्वेतों के ऊपर हो रही बर्बरता को वह करीब से देखती है । रोती तडपती आलियाह का चेहरा ,जिसके पीछे पीछे चलते हुए वह अपने को सुरक्षित महसूस करती है , वह आलियाह भी इन श्वेतों के मध्य कितना निरीह है और असुरक्षित है ,उसका एहसास उसे होता है ।अश्वेत विली जिसे आते जाते वह कोई मवाली या गुंडा समझती रही, उसी विली ने उसे तब बचाया जब श्वेतों ने उस पर यौनिक आक्रमण किया । यह कहानी अपनी महीन बुनावट और अश्वेतों की बस्ती के जीवंत दृश्यों के चलते भी मुझे अच्छी लगी ।

'परदेश के पड़ोसी' कहानी अमेरिकी जीवन में ब्याप्त दो अलग मुल्कों के लोगों के बीच, पड़ोसी होकर भी संबंधों की विरलता का ऐसा सूक्ष्म चित्रण प्रस्तुत करती है कि हमें कोफ़्त सी होने लगती है । कहानी में जीवन के  अत्यंत आकर्षक और जीवंत चित्रण हैं पर लेखिका ने रिश्तों के मध्य जो रिश्तों की मृतप्राय अवस्था है उसे बड़ी बारीकी से बुनकर सामने रखने का प्रयास किया है । कहानी के अंत में ऐसा भावुक और मन को विचलित कर देने वाला दृश्य  आता है कि पड़ोसियों के मध्य रिश्तों के स्थापन को लेकर मन की बेचैनी सघन होने लगती है | यह कहानी दरअसल मन के विज्ञान की कहानी है जो मनुष्य के बीच डिरेल हो चुके रिश्तों को तकनीकी रूप से धुरी पर लाये जाने का आग्रह करती है ।दोनों अच्छी कहानियों के लिए उन्हें बधाई।

■सर्वेश सिंह की कहानी रौशनियों के प्रेत

----------------------

विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं के पन्ने  पलटते-पलटते लमही पत्रिका के एक अंक में सर्वेश सिंह की कहानी रोशनियों के प्रेत पर नजर गई । मैं सर्वेश जी को नहीं जानता ,इससे पहले सर्वेश सिंह की कोई कहानी मैंने पढ़ी है या नहीं मुझे याद भी नहीं , पर इस कहानी के माध्यम से उनके भीतर के कथाकार से मेरा परिचय हुआ । बिल्कुल  नए तरीके से लिखी गई यह कहानी भीतर से बहुत बेचैन कर देती है। व्यवस्था और मानवीय पतन की पराकाष्ठा को रेखांकित करती हुई यह कहानी समाज में अपनी मानवीय संवेदना के साथ जीते हुए किसी व्यक्ति के भीतर एक डर पैदा करती है । यह डर महज कहानी की काल्पनिक घटनाओं से उपजा डर नहीं है बल्कि यह डर आज की व्यवस्था और मानवीय पतन से प्रत्यक्ष तौर पर किसी मनुष्य को अंतर संबंधित कर देने वाला डर है । किसी घटना दुर्घटना या प्राकृतिक आपदाओं के उपरांत बिछी हुई लाशों के हाथ-पैर या गला काट कर सोना चांदी रुपये-पैसे  घड़ियाँ या सोने की चैन निकाल लिए जाने की घटनाएं तो हमारे समाज में सामान्य घटनाओं में गिनी जाने लगी हैं, पर यह कहानी उससे आगे की बात करती है। देह की भूख इस समाज में रोटी की भूख से भी आगे निकल चुकी है। सुंदर स्त्री देह की प्राप्ति की कल्पना में रात दिन डूबा प्रेतों के एक नए समाज का अभ्युदय आज सर्वाधिक चिंता का बिषय है । ये प्रेत समाज /तंत्र/व्यवस्था के हर उस जगह पर विद्यमान हैं जहां से हम उजाले की उम्मीद में जीते हैं । रात के अंधेरों में इन प्रेतों की अतृप्त इच्छाएं इन्हें इस कदर हैवान बना देती हैं कि मनुष्य के रूप में  मौजूद ये जिंदा प्रेत किसी सुंदर स्त्री की लाश को भी अपनी हवस मिटाने का साधन बना लेते हैं । समाज में बलात्कार की घटनाओं की सघनता इन जिंदा प्रेतों की ही देन है । कहानी में घटनाओं के चित्रण की स्वाभाविकता भी भीतर एक खलबली पैदा करती हुई चलती है।

कहानियां तो इन दिनों बहुत लिखी जा रही हैं  और उसे निजी संबंधों के स्तर पर आलोचकीय स्वीकृति भी मिल रही है पर महज आलोचकीय स्वीकृति ही  किसी कहानी को  पठनीय नहीं बनाती पाठकीय स्वीकृति भी  किसी कहानी के लिए  अधिक जरूरी विषय है । कहानी पढ़कर लगने लगता है कि आज का मनुष्य अब जिंदा प्रेतों में बदल चुका है। बहुत हद तक यह बात सच भी लगती है।


■आदित्य अभिनव की कहानी "छिमा माई छिमा" (परिकथा जुलाई अगस्त २०२१)

----------------

परिकथा के अंक जुलाई अगस्त 2021 में आदित्य अभिनव की एक कहानी छिमा माई छिमा प्रकाशित हुई है। आदित्य अभिनव पहले से कहानियां लिख रहे हैं और उनकी  कहानियां पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रही हैं। उनकी यह कहानी पढ़ते हुए उनके भीतर के कथाकार को जानने समझने का एक अवसर भी मिलता है। दरअसल इस कहानी की अंतर्वस्तु, कहानी को पढ़ते समय जितनी सरल लगती है उस पर ठहर कर  सोचने पर उतनी ही जटिल होने लगती है। 

इलाहाबाद रह रहे प्रोफेसर चंदन  द्वारा गांव में दुर्गा मूर्ति निर्माण के लिए चंदे के रूप में  अपने संजू चाचा को मनीआर्डर के माध्यम से 1000 रुपए भेजे जाने से शुरू हुई यह कहानी उस 1000 रुपए के खर्च होने के साथ ही समाप्त होती है। रुपयों के खर्च होने के इस दरमियान कहानी कई रोचक संवादों और एक गरीब परिवार के दारुण दृश्यों को अपने साथ लेते हुए चलती है। मनीआर्डर के रुपए गिनते हुए पिता को देखकर जरूरतमंद बच्चों के भीतर की आस जागने लगती है । उन दृश्यों को कथाकार ने एक सधे हुए अंदाज में सघन मानवीय संवेदना  के साथ जिस तरह बुना है,  पाठक को स्वत: ही महसूस होने लगता है कि इस रुपये को दुर्गा चंदे पर खर्च होने के बजाय परिवार के जरूरतमंदों की बुनियादी आवश्यकताओं पर ही खर्च हो जाना चाहिए। इन बुनियादी जरूरतों में जहां बीमार मां को दवाइयों के साथ पाव भर  दूध चाहिए, वहीं बच्चों को चिथड़े हो चुके कपड़ों की जगह  तन ढकने को नए कपड़े और पढ़ने को किताबें चाहिए।

पैसे उन्हीं जरूरतों पर खर्च होते हैं और थोड़े बहुत जो बचते हैं, संजू उसे आत्म संतोष में  अपने नशे पर खर्च कर जाता है।

अंततः नशे में जब उसे ध्यान आता है कि उसने दुर्गा मूर्ति के लिए भेजे गए चंदे के पैसे को परिवार की जरूरतों पर खर्च कर दिए हैं तो वह अपराध बोध से ग्रसित होने लगता है  और निर्माणाधीन दुर्गा मां की मूर्ति के सामने जाकर बार-बार क्षमा मांगता है। 

ये बच्चे तेरे ही रूप हैं मां ! बीमार माई तेरा ही हिस्सा है मां

छिमा माई छिमा।

कहानी के क्लाइमेक्स पर यह दृश्य मन को झकझोरता है ।

गरीब बच्चों का एक मजबूर बाप और एक बीमार मां का मजबूर बेटा संजू के भीतर मजबूरी वश रुपए खर्च कर लेने का जो अपराध बोध जन्मता है,  इस क्षमा में वह अपराध धुलने लगता है। कहानी एक बड़ा संदेश देती हुई खत्म होती  है कि धर्म कर्म  के नाम पर जितने गैर जरूरी खर्चे समाज में प्रचलित हैं उनसे अभावग्रस्त जरूरतमंद लोगों की बुनियादी जरूरतें पूरी हो सकती  हैं ।

छोटी-छोटी घटनाओं को रोचक संवादों के माध्यम से ठेठ देशज भाषा में सघन बुनावट के साथ प्रस्तुत करना किसी कथाकार के लिए एक चुनौती भरा काम है और इस चुनौती का निर्वहन आदित्य अभिनव ने ठीक ढंग से किया है। अभिनव के पास कहानी को प्रस्तुत करने की अपनी एक मौलिक शैली भी है जिसमें कोई भाषाई या शिल्प की जटिलता नहीं है । इसलिए एक फ्लो में बहती कहानी की पठनीयता को लेकर मन  में कहीं कोई रुकावट महसूस नहीं होती।

--------

रमेश शर्मा

टिप्पणियाँ

इन्हें भी पढ़ते चलें...

कौन हैं ओमा द अक और इनदिनों क्यों चर्चा में हैं।

आज अनुग्रह के पाठकों से हम ऐसे शख्स का परिचय कराने जा रहे हैं जो इन दिनों देश के बुद्धिजीवियों के बीच खासा चर्चे में हैं। आखिर उनकी चर्चा क्यों हो रही है इसको जानने के लिए इस आलेख को पढ़ा जाना जरूरी है। किताब: महंगी कविता, कीमत पच्चीस हजार रूपये  आध्यात्मिक विचारक ओमा द अक् का जन्म भारत की आध्यात्मिक राजधानी काशी में हुआ। महिलाओं सा चेहरा और महिलाओं जैसी आवाज के कारण इनको सुनते हुए या देखते हुए भ्रम होता है जबकि वे एक पुरुष संत हैं । ये शुरू से ही क्रान्तिकारी विचारधारा के रहे हैं । अपने बचपन से ही शास्त्रों और पुराणों का अध्ययन प्रारम्भ करने वाले ओमा द अक विज्ञान और ज्योतिष में भी गहन रुचि रखते हैं। इन्हें पारम्परिक शिक्षा पद्धति (स्कूली शिक्षा) में कभी भी रुचि नहीं रही ।  इन्होंने बी. ए. प्रथम वर्ष उत्तीर्ण करने के पश्चात ही पढ़ाई छोड़ दी किन्तु उनका पढ़ना-लिखना कभी नहीं छूटा। वे हज़ारों कविताएँ, सैकड़ों लेख, कुछ कहानियाँ और नाटक भी लिख चुके हैं। हिन्दी और उर्दू में  उनकी लिखी अनेक रचनाएँ  हैं जिनमें से कुछ एक देश-विदेश की कई प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुक...

रघुनंदन त्रिवेदी की कहानी : हम दोनों

स्व.रघुनंदन त्रिवेदी मेरे प्रिय कथाकाराें में से एक रहे हैं ! आज 17 जनवरी उनका जन्म दिवस है।  आम जन जीवन की व्यथा और मन की बारिकियाें काे अपनी कहानियाें में मौलिक ढंग से व्यक्त करने में वे सिद्धहस्त थे। कम उम्र में उनका जाना हिंदी के पाठकों को अखरता है। बहुत पहले कथादेश में उनकी काेई कहानी पढी थी जिसकी धुंधली सी याद मन में है ! आदमी काे अपनी चीजाें से ज्यादा दूसराें की चीजें  अधिक पसंद आती हैं और आदमी का मन खिन्न हाेते रहता है ! आदमी घर बनाता है पर उसे दूसराें के घर अधिक पसंद आते हैं और अपने घर में उसे कमियां नजर आने लगती हैं ! आदमी शादी करता है पर किसी खूबसूरत औरत काे देखकर अपनी पत्नी में उसे कमियां नजर आने लगती हैं ! इस तरह की अनेक मानवीय मन की कमजाेरियाें काे बेहद संजीदा ढंग से कहानीकार पाठकाें के सामने प्रस्तुत करते हैं ! मनुष्य अपने आप से कभी संतुष्ट नहीं रहता, उसे हमेशा लगता है कि दुनियां थाेडी इधर से उधर हाेती ताे कितना अच्छा हाेता !आए दिन लाेग ऐसी मन: स्थितियाें से गुजर रहे हैं , कहानियां भी लाेगाें काे राह दिखाने का काम करती हैं अगर ठीक ढंग से उन पर हम अपना ध्यान केन्...

परदेशी राम वर्मा की कहानी दोगला

परदेशी राम वर्मा की कहानी दोगला वागर्थ के फरवरी 2024 अंक में है। कहानी विभिन्न स्तरों पर जाति धर्म सम्प्रदाय जैसे ज्वलन्त मुद्दों को लेकर सामने आती है।  पालतू कुत्ते झब्बू के बहाने एक नास्टेल्जिक आदमी के भीतर सामाजिक रूढ़ियों की जड़ता और दम्भ उफान पर होते हैं,उसका चित्रण जिस तरह कहानी में आता है वह ध्यान खींचता है। दरअसल मनुष्य के इसी दम्भ और अहंकार को उदघाटित करने की ओर यह कहानी गतिमान होती हुई प्रतीत होती है। पालतू पेट्स झब्बू और पुत्र सोनू के जीवन में घटित प्रेम और शारीरिक जरूरतों से जुड़ी घटनाओं की तुलना के बहाने कहानी एक बड़े सामाजिक विमर्श की ओर आगे बढ़ती है। पेट्स झब्बू के जीवन से जुड़ी घटनाओं के उपरांत जब अपने पुत्र सोनू के जीवन से जुड़े प्रेम प्रसंग की घटना उसकी आँखों के सामने घटित होते हैं तब उसके भीतर की सामाजिक जड़ता एवं दम्भ भरभरा कर बिखर जाते हैं। जाति, समाज, धर्म जैसे मुद्दे आदमी को झूठे दम्भ से जकड़े रहते हैं। इनकी बंधी बंधाई दीवारों को जो लांघता है वह समाज की नज़र में दोगला होने लगता है। जाति धर्म की रूढ़ियों में जकड़ा समाज मनुष्य को दम्भी और अहंकारी भी बनाता है। कहानी इन दीवा...

समकालीन कविता और युवा कवयित्री ममता जयंत की कविताएं

समकालीन कविता और युवा कवयित्री ममता जयंत की कविताएं दिल्ली निवासी ममता जयंत लंबे समय से कविताएं लिख रही हैं। उनकी कविताओं को पढ़ते हुए यह बात कही जा सकती है कि उनकी कविताओं में विचार अपनी जगह पहले बनाते हैं फिर कविता के लिए जरूरी विभिन्न कलाएं, जिनमें भाषा, बिम्ब और शिल्प शामिल हैं, धीरे-धीरे जगह तलाशती हुईं कविताओं के साथ जुड़ती जाती हैं। यह शायद इसलिए भी है कि वे पेशे से अध्यापिका हैं और बच्चों से रोज का उनका वैचारिक संवाद है। यह कहा जाए कि बच्चों की इस संगत में हर दिन जीवन के किसी न किसी कटु यथार्थ से वे टकराती हैं तो यह कोई अतिशयोक्ति भरा कथन नहीं है। जीवन के यथार्थ से यह टकराहट कई बार किसी कवि को भीतर से रूखा बनाकर भाषिक रूप में आक्रोशित भी कर सकता है । ममता जयंत की कविताओं में इस आक्रोश को जगह-जगह उभरते हुए महसूसा जा सकता है। यह बात ध्यातव्य है कि इस आक्रोश में एक तरलता और मुलायमियत है। इसमें कहीं हिंसा का भाव नहीं है बल्कि उद्दात्त मानवीय संवेदना के भाव की पीड़ा को यह आक्रोश सामने रखता है । नीचे कविता की कुछ पंक्तियों को देखिए, ये पंक्तियाँ उसी आक्रोश की संवाहक हैं - सोचना!  सो...

30 अक्टूबर पुण्यतिथि पर डॉ राजू पांडे को याद कर रहे हैं बसंत राघव "सत्यान्वेषी राजू पांडेय के नहीं होने का मतलब"

डॉक्टर राजू पांडेय शेम शेम मीडिया, बिकाऊ मीडिया, नचनिया मीडिया,छी मीडिया, गोदी मीडिया  इत्यादि इत्यादि विशेषणों से संबोधित होने वाली मीडिया को लेकर चारों तरफ एक शोर है , लेकिन यह वाकया पूरी तरह सच है ऐसा कहना भी उचित नहीं लगता ।  मुकेश भारद्वाज जनसत्ता, राजीव रंजन श्रीवास्तव देशबन्धु , सुनील कुमार दैनिक छत्तीसगढ़ ,सुभाष राय जनसंदेश टाइम्स जैसे नामी गिरामी संपादक भी आज मौजूद हैं जो राजू पांंडेय को प्रमुखता से बतौर कॉलमिस्ट अपने अखबारों में जगह देते रहे हैं। उनकी पत्रकारिता जन सरोकारिता और निष्पक्षता से परिपूर्ण रही है।  आज धर्म  अफीम की तरह बाँटी जा रही है। मेन मुद्दों से आम जनता का ध्यान हटाकर, उसे मशीनीकृत किया जा रहा है। वर्तमान परिपेक्ष्य में राजनीतिक अधिकारों, नागरिक आजादी और न्यायपालिका की स्वतंत्रता के क्षेत्र में गिरावट महसूस की जा रही है। राजू पांंडेय का मानना था कि " आज तंत्र डेमोक्रेसी  इलेक्टोरल ऑटोक्रेसी में तब्दील हो चुकी है ,जहां असहमति और आलोचना को बर्दाश्त नहीं किया जाता और इसे राष्ट्र विरोधी गतिविधि की संज्ञा दी जाती है।" स्थिति इतनी भयावह हो गई ...

डॉक्टर परिधि शर्मा की कहानी - ख़त

  शिवना नवलेखन पुरस्कार 2024 अंतर्गत डॉक्टर परिधि शर्मा के कहानी संग्रह 'प्रेम के देश में' की पाण्डुलिपि अनुसंशित हुई है। इस किताब का विमोचन फरवरी 2025 के नयी दिल्ली विश्व पुस्तक मेले में शिवना प्रकाशन के स्टाल पर  किया जाएगा । यहाँ प्रस्तुत है उनकी कहानी  'ख़त' कहानी:    ख़त डॉ . परिधि शर्मा _______________ रात की सिहरन के बाद की उदासी ठंडे फर्श पर बूंद बनकर ढुलक रही थी। रात के ख़त के बाद अब कोई बात नहीं बची थी। खुद को संभालने का साहस भी मात्र थोड़ा-सा बच गया था। ख़त जिसमें मन की सारी बातें लिखी गईं थीं। सारा आक्रोश , सारे जज़्बात , सारी भड़ास , सारी की सारी बातें जो कही जानी थीं , पूरे दम से आवेग के साथ उड़ेल दी गईं थीं। ख़त जिसे किसी को भी भेजा नहीं जाना था। ख़त जिसे किसी को भेजने के लिए लिखा गया था। कुछ ख़त कभी किसी को भेजे नहीं जाते बस भेजे जाने के नाम पर लिखे जाते हैं। खिड़की के कांच के उस ओर खुली हवा थी। हवा के ऊपर आकाश। पेड़ पौधे सबकुछ। आजादी। प्रेम में विफल हो जाने के बाद की आजादी की तरह। खिड़की के पास बैठे हुए आकाश कांच के पार से उतना नंगा नहीं...

जैनेंद्र कुमार की कहानी 'अपना अपना भाग्य' और मन में आते जाते कुछ सवाल

कहानी 'अपना अपना भाग्य' की कसौटी पर समाज का चरित्र कितना खरा उतरता है इस विमर्श के पहले जैनेंद्र कुमार की कहानी अपना अपना भाग्य पढ़ते हुए कहानी में वर्णित भौगोलिक और मौसमी परिस्थितियों के जीवंत दृश्य कहानी से हमें जोड़ते हैं। यह जुड़ाव इसलिए घनीभूत होता है क्योंकि हमारी संवेदना उस कहानी से जुड़ती चली जाती है । पहाड़ी क्षेत्र में रात के दृश्य और कड़ाके की ठंड के बीच एक बेघर बच्चे का शहर में भटकना पाठकों के भीतर की संवेदना को अनायास कुरेदने लगता है। कहानी अपने साथ कई सवाल छोड़ती हुई चलती है फिर भी जैनेंद्र कुमार ने इन दृश्यों, घटनाओं के माध्यम से कहानी के प्रवाह को गति प्रदान करने में कहानी कला का बखूबी उपयोग किया है। कहानीकार जैनेंद्र कुमार  अभावग्रस्तता , पारिवारिक गरीबी और उस गरीबी की वजह से माता पिता के बीच उपजी बिषमताओं को करीब से देखा समझा हुआ एक स्वाभिमानी और इमानदार गरीब लड़का जो घर से कुछ काम की तलाश में शहर भाग आता है और समाज के संपन्न वर्ग की नृशंस उदासीनता झेलते हुए अंततः रात की जानलेवा सर्दी से ठिठुर कर इस दुनिया से विदा हो जाता है । संपन्न समाज ऎसी घटनाओं को भाग्य से ज...

जीवन प्रबंधन को जानना भी क्यों जरूरी है

            जीवन प्रबंधन से जुड़ी सात बातें

2025-26 के इस बजट से मायूस हुए 16000 एन एच एम स्वास्थ्य संविदा कर्मचारी. छत्तीसगढ़ एन.एच.एम. कर्मचारियों के लिए बजट में कुछ भी नहीं है खास

2025-26 के इस बजट से मायूस हुए 16000 एन एच एम स्वास्थ्य संविदा कर्मचारी. छत्तीसगढ़ एन.एच.एम. कर्मचारियों के लिए बजट में कुछ भी नहीं. करोना योद्धा कर्मचारियों में भारी निराशा घोषित 27 प्रतिशत वेतन वृद्धि के लिए कई बार मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों से मुलाकत कर चुके हैं. छत्तीसगढ़ एन.एच.एम. कर्मचारी  बड़े आंदोलन की तैयारी में एन एच एम कर्मियों के आंदोलन में जाने से स्वास्थ्य व्यवस्था होगी प्रभावित “एनएचएम कर्मचारीयों को पूर्व घोषित 27 प्रतिशत वेतन-वृद्धि, सहित 18 बिंदु मांग को बजट 2025-26 में शामिल करने का था भरोसा रायपुर ।  छत्तीसगढ़ प्रदेश एन.एच.एम. कर्मचारी संघ अपने लंबित मांग को लेकर लगातार आवेदन-निवेदन-ज्ञापन देते आ रहे हैं एवं लम्बे समय से नियमितीकरण सहित 18 बिंदु को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। पिछली सरकार ने 19 जुलाई 2023 अनुपूरक बजट में एन.एच.एम. कर्मियों के वेतन में 27 प्रतिशत की राशि की बढ़ोतरी की घोषणा की थी, जो आज तक अप्राप्त हैं।उक्त संविदा कर्मचारी संघ ने लगातार विभिन्न विधायक/मंत्री सहित मुख्यमंत्री को अपना ज्ञापन दिया था, जिसका आज तक निराकरण नहीं हुआ है, जिससे कर्मचारियों म...

सुबह सवेरे अखबार में प्रकाशित कहानी: रेस्तरां से लौटते हुए

छुट्टी का  दिन था । वीकली ऑफ । उनके लिए छुट्टी का दिन याने मौज मस्ती का दिन। खाना पीना घूमना ।  एक ने कहा 'चौपाल जायेंगे , वहां लंच लेंगे ।'  'नहीं यार चौपाल नहीं , आज नारियल नेशन जायेंगे ।' - दूसरे ने झट से उसकी बात काटते हुए कह दिया  । दोनों की बातें सुनकर तीसरे ने हँसते हुए कहा 'तुम लोग भी न..... वही घिसी पिटी जगह ! अरे जीवन में जायका बदलने की भी सोचो , किसी नयी जगह की बात करो , ये क्या उसी जगह बार बार जाना ।'  तीसरे की बात सुनकर दोनों हक्का बक्का उसकी ओर देखने लगे थे ।उन दोनों को लगा कि यह सच बोल रहा है । पर  पहले ने बदलाव शब्द सुनकर आहें भरी और कहने लगा .... हमारे जीवन में बदलाव कहाँ है दोस्त ! वही रोज रोज का घिसा पिटा काम । सुबह हुई नहीं कि बीबी को नींद से जगाओ, टिफिन तैयार करवाने के लिए कहो। फिर बाथ रूम में जाकर हबड़ तबड़ नहाकर निकलो । कपड़े पहनो और भाग लो कम्पनी की बस पकड़ने। यार अब तो लगता है जैसे इसी रूटीन पर चलते चलते जिन्दगी के ऊपर जंग की एक परत जम गयी है । यह सब कहते कहते उसके चेहरे से नीरसता का भाव टपक पड़ा ।  दूसरा ज्यादा सोचता नहीं था । मानो...