सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

'वह उस्मान को जानता है' रमेश शर्मा की चर्चित कहानी

 

 

आज रविवार का दिन था और जनवरी का महीना | आँगन में खड़ा अमरूद का पेड़ इनदिनों अमरूदों से लदा हुआ था जिस पर सुबह से चिड़ियाँ आकर शोर मचा रही थीं | चिड़ियों का शोर उसे अच्छा लगता था | वे कुतर-कुतर कर अमरूद से अपना हिस्सा अलग कर पेट भर लेतीं और बचे हिस्से को आँगन में टपका कर उड़ जातीं | कुतरे हुए टपके अमरूदों को देखकर उसका बेटा कहता "वो देखो पापा चिड़ियों का पेट कितना छोटा होता है | उनका आहार कितना कम है |" कुतरे हुए हिस्सों को देखकर ही वह उनके आहार का अंदाजा लगाता | उसकी बातें उसे अच्छी लगतीं | कभी कभी वह उससे जान बूझ कर पूछ बैठता " इंसान के आहार के बारे में पता करना हो तो कैसे पता करेंगे ?" वह कुछ देर सोचता फिर तपाक से कह उठता - " इंसान के आहार के बारे में इंसान भला खुद कैसे बता सकता है? उसे तो धरती के दूसरे प्राणी ही ठीक-ठीक बता पाएंगे | जैसे आप हमारी अनिच्छा के बिरूद्ध एक बार पेड़ का पूरा अमरूद तोड़वाकर बाजार में बेचवा दिए थे तो उस वक्त चिड़ियाँ सोची होंगी कि इंसान को कुछ भी नहीं पूरता | उस वक्त उसकी बातें सुनकर वह शर्मिन्दगी से भर उठा था | उसे लगा था कि अलग-अलग समय में अलग-अलग आदमी इस तरह की हरकतों को हर घड़ी अंजाम देते होंगे और धरती के प्राणियों को लगता होगा कि इंसान हर वक्त कैसे भूखा ही रहता है | उसे कुछ भी नहीं पूरता | आज बेटा भी सुबह-सुबह उसके साथ जाग गया था  और उसने जिद की कि पापा आज घूमाने ले चलो न ! अमूमन वह जिद करता नहीं था इस बात को राघव हमेशा महसूस करता  आया  है | उसे लगा अगर वह कह रहा है तो उसे उसकी बात मान लेनी चाहिए | आज मौसम भी बड़ा साफ़ और खुशगवार था | बहुत दिनों बाद उसे छुट्टी भी मिली थी , तो वह खुश था, वरना नौकरी की ब्यस्तता इतनी थी कि कहाँ क्या हो रहा  है उसे इस बात की खबर ही नहीं रहती थी|




अचानक दरवाजे पर किसी ने दस्तक दी | वह अपनी पत्नी की ओर प्रश्न भरी निगाह से कुछ देर देखता रहा| देखा देखी और उहापोह के बीच राघव दरवाजे की ओर जा ही रहा था कि पत्नी ने आवाज दी-  "रुकिए मैं आ रही हूँ !"

"क्यों भला ?" उसे थोड़ा अचरज हुआ | वह उसकी ओर अचरज भरी निगाह से फिर देखने लगा |

इस दरमियान दो मिनट देखा-देखी में ही गुजर गए | दरवाजा न खुलता देख दस्तक की जगह अब दरवाजे पर एक जनानी आवाज उभर आयी  - "मैं 93 नंबर वाली पड़ोस की मेहजबीन बोल रही हूँ ! वह फिर से पत्नी की ओर देखने लगा | 93 नंबर वाली पड़ोस की मेहजबीन को न जान पाने की हैरानी राघव के चेहरे पर साफ़ नजर आ रही थी | उसने पत्नी की ओर इशारा किया कि वह जल्दी जाकर उनसे रुबरू हो ले |

"सुबह-सुबह भला क्या बात हो गयी  !" कीचन से बाहर निकलते हुए पत्नी के चेहरे पर थोड़ी हैरानी उभर आयी |

नयी नौकरी और नया मोहल्ला | इस नए मोहल्ले में आस-पड़ोस और आस-पड़ोस के रिश्तों के मनोविज्ञान को जानने से वह उसी दिन विलग हो गया जिस दिन से वह यहाँ रहकर नयी नौकरी पर जाने लगा था | मोहल्ले की समिति की बैठकों में भी कभी वह जा नहीं पाता था | धीरे-धीरे आस-पड़ोस से वह विदा होता चला गया | जो कुछ होता उस दुनियाँ दारी को पत्नी संभालती | जब जरूरत समझती तो राघव से कभी चर्चा कर लेती | पत्नी समझ रही थी कि नौकरी के नाम पर राघव कम्पनी के लिए सिर्फ एक मुनाफे का प्रतिनिधि भर रह गया है | केवल मुनाफ़ा पहुँचाओ और बदले में तनख्वाह लेते रहो | पुरानी नौकरी को भी वह इसी संजीदगी से पहले करता रहा था, पर एक दिन अचानक जब उसे नौकरी से निकाले जाने का आदेश हुआ और उस आदेश में जो कारण बताए गए , उन कारणों ने उसे सकते में डाल दिया था | उसे समझ में न आया कि उसके कामों से जब कभी कोई नुकसान कम्पनी को न हुआ फिर ये सब कैसे हो गया ?

"आप अपने समय का बड़ा हिस्सा सोशल मीडिया पर बिताते हैं | आप सरकार के बिरूद्ध टिप्पणियाँ करते रहते हैं | कम्पनी के काम के बजाय आपकी रूचि दीगर बातों में अधिक है |" -ये ऐसे कारण थे जिसके अर्थ राघव को बड़ी देर से समझ में तब आए जब वह नयी नौकरी पर आ गया | मुनाफे का सम्बन्ध सरकार को खुश रखने से भी है, और कम्पनी का कोई कर्मचारी जब सरकार के बिरूद्ध टिप्पणी करने लगे तो सरकार की ओर से कम्पनी को नुकसान उठाना पड़ सकता है | पता नहीं कब कौन सी कोयले की खदान सरकार छीन ले और दूसरे को बाँट दे | सरकार की कौन सी एजेंसी कब कम्पनी पर छापा डाल दे |और इस समझ के साथ फिर धीरे धीरे राघव ने अपने को बाहरी दुनियां की गतिविधियों से एकदम विलग कर लिया |  

राघव को  इस बात का गहरा एहसास था कि जिस दिन कम्पनी घाटे में आयी उसकी नौकरी पर खतरे के बादल फिर मंडराने लगेंगे | यह एहसास दिनोंदिन उसके भीतर एक गुब्बारे की तरह फूल रहा था कि किसी दिन कोई सुई चुभी कि यह गुब्बारा धड़ाम से फट पड़ेगा  | यह गुब्बारा कभी फूटे न, महज इसी फ़िक्र ने कभी उसे आस-पड़ोस का होने न दिया | ये 93 नम्बर वाली मेहजबीन कौन होगी भला ? क्योंकि उसने कभी देखा भी नहीं था उन्हें | उनकी आवाज भी उसे अनजानी सी लगी | इसलिए इस सवाल ने आज उसे ठहरकर सोचने को मजबूर कर दिया था | यह सवाल उसके जेहन में इस वक्त तैरने लगा, जिसका जिक्र वह पत्नी से करने से बच रहा था |  

वह किस किस को आखिर यहाँ जानता है ? उसके मन में यह सवाल भी अचानक चलने लगा | इसी बीच बच्चे की जिद थोड़ी और बढ़ गयी कि आज तो पापा के साथ घूमने जाना ही है, इसके बावजूद यह सवाल उसके भीतर मरा नहीं ..एक ज़िंदा सवाल जो पड़ोस की मेहजबीन को न जानने के प्रसंग से अचानक उसका पीछा करने लगा  |

"वह अपने पड़ोसी तक को क्यों नहीं जानता ?" इस तरह के सवाल यूं तो कामकाजी आदमी के भीतर आजकल जन्मते नहीं पर किसी दिन कोई सवाल आ ही गया तो मन में फिर कई बातें आने-जाने भी लगती हैं | इस सवाल ने उसे थोड़ा-थोड़ा मनुष्य होने का आभास इस तरह करा दिया कि अचानक उसे याद आया कि उसके बच्चे के जन्म दिन पर उसने गमले में ऑफिस से लाकर एक गुलाब का पौधा भी रोपा था | पत्नी दरवाजे की ओर मुड़ी और गुलाब के पौधे की याद आते ही वह दौड़कर छत पर चढ़ गया | छत पर चढ़ते ही उसे लगा कि छत पर चढ़े भी तो उसे महीनों हो गए | छत से आसपड़ोस और शहर का कुछ हिस्सा उसे बड़ा मनमोहक लग रहा था | देखते देखते उसकी नजर कुछ दूर पर एक मकान के ऊपरी हिस्से में चली गयी | उसे अचानक याद आया कि यह तो उस्मान का मकान है | जिस सवाल से वह जूझ रहा था उसका एक उत्तर यह भी उसे मिला कि हाँ वह तो उस्मान को जानता है | उस्मान को जानने की बात पर उसे भीतर से बड़ी खुशी मिली | पर उसके मकान को यह क्या हुआ ? एकदम ठूँठ की तरह दिख रहा है | वह थोड़ा परेशान हुआ | वह याद करने लगा कि कितने दिनों पहले घर की इस छत पर वह आया था? और उस्मान से वह कब मिला था ? दिमाग पर जोर चलता रहा और उसकी नजर गुलाब के उस पौधे पर पड़ी जिसे ऑफिस से गनीराम ने गीली मिटटी और प्लास्टिक की पन्नी के साथ बड़े जतन से सम्भाल कर उसे दिया था | चीजों को याद करने के लिए इसी बीच वह याद करने लगा कि गनीराम की मौत कब हुई थी |हाँ उसे याद आया ... लगभग चार माह पहले | अगस्त के महीने में | उस दिन भारी तेज बारिश हो रही थी |गनी राम अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने जा रहा था और वे तेज बारिश में फंसकर एक जगह रुक गए थे | स्कूल शहर से थोड़ी दूर पर था| जिस जगह वे बारिश से बचने ओट पाने को रूकने की सोच रहे थे, वह एकदम सुनसान जगह थी | उस दिन खूब बिजली कड़क रही थी | तीन युवक वहां बारिश से बचने पहले से ही खड़े थे| उनका हुलिया थोड़ा अजीब लग रहा था | बात बात पर उनकी जुबान फिसल रही थी | उन तीनों ने उन्हें जिस नजर से देखा गनी राम को समझ में न आया कि वे वहां रुकें कि न रूकें | बारिश चूंकि तेज हो गयी थी इसलिए उन्हें वहां रूकना पड़ा |

पूरा वाकया जिसे कितनी आसानी से वह भूल चुका था इस गुलाब के पौधे को देखने मात्र से उसे याद आने लगा था | उसे सब कुछ याद आ गया था | उस्मान ने ही उस घटना की रिपोर्टिंग की थी | गनीराम के सम्बन्ध में कुछ जानकारी जुटाने कई बार इस सिलसिले में वह उनके ऑफिस आया था और वहीं उस्मान से उसकी मुलाक़ात हुई थी | बात बात में उससे उसे यह भी जानकारी मिली थी कि वह उसी के मोहल्ले में रहता है| और आते जाते उसने उस्मान के घर को पहचान भी लिया था | गनी राम की सत्रह साल की बेटी के साथ उस दिन बर्बर तरीके से जो रेप हुआ और गनी राम की जिस तरह हत्या हुई वह घटना यद्यपि उनके ऑफिस में चर्चा का बिषय कई दिनों तक बनी रही पर धीरे धीरे यह घटना भी गनी राम के जाने के बाद और वहां के काम के बोझ तले जमींदोज हो गयी| वह ऑफिस के काम के घोड़े पर इस तरह सवार हुआ कि उस्मान तक को भूल गया | उस घटना के बाद फिर कभी उस्मान से उसकी मुलाकात न हो सकी | 

अचानक उसे आज एक झटका सा लगा | वह सचमुच कितना जल्दी जल्दी चीजों को भूल रहा है | वह गमले में लगे पौधे को एकटक देखता रहा| उसमें दो सुन्दर सुन्दर फूल खिले हुए थे | उन फूलों को देखते देखते उसकी आँखों में गनीराम और उसकी बेटी का मासूम चेहरा उतर आया | उसे अचानक एक झटका सा लगा कि हाँ उस्मान के साथ साथ वह तो गनीराम और उसकी बेटी को भी कितने अच्छे से जानता है | अचानक उसे याद आया ...कितना अच्छा हँस लेता था गनीराम | कितनी मीठी मीठी बातें करता था | घर परिवार बच्चे की खैर-खबर पूछने की उसकी आदत आज उसे भीतर से परेशान करने लगी | और उसकी बेटी .... उससे बस एक बार मिला था वह |उस दिन वह कह रही थी कि वह उनके बेटे से कभी जरूर मिलने आएगी | उसका आना फिर कभी संभव न हुआ | उसे अचानक इस बात का एहसास हुआ कि कैसे कुछ चीजें एकदम अधूरी रह जाती हैं जीवन में | जैसे कि गनीराम की बेटी का उसके बेटे से मिलने की इच्छा का अधूरा रह जाना | इस एहसास ने उसे भीतर से थोड़ा और मनुष्य बना दिया |  गनी राम की बेटी का चेहरा उसके सामने फिर एकबार घूम गया | वह भी बिलकुल गनीराम जैसी हंसमुख थी  | उसे याद कर लगा जैसे उसका सीना दर्द से फट रहा है | कई बार ऐसा होता है कि ज़िंदा चीजें किस तरह बाक़ी चीजों को ज़िंदा कर सामने ला खडा करती है , गुलाब के उन ज़िंदा फूलों ने उसके भीतर मर चुकीं कई-कई चीजों को आज ज़िंदा कर दिया था | उसके भीतर सवाल दर सवाल आने लगे |

"क्या कभी उसने सोचा कि गनीराम और उसकी बेटी के मर जाने के बाद उसकी अकेली पत्नी का क्या हुआ? कभी उससे मिलकर उसकी सुध लेने की चिंता क्या उसके भीतर कभी जगी ? जो गनीराम उसके घर परिवार की खैर-खबर उससे नित्य पूछ लेता था उस गनीराम की भलमनसाहत का कभी उसे खयाल आया ?"

जिस उस्मान ने गनीराम और उसकी बेटी के अपराधियों को जेल के सीखचों तक पहुंचाया उससे भी तो वह और कभी नहीं मिला | आखिर क्यों ?

उसे लगा ये फूल नहीं हैं | ये तो फूल के रूप में साक्षात गनीराम और उसकी बेटी हैं जो अचानक उसके सामने ज़िंदा हो उठे हैं | वह लगभग पांच महीने बाद इस छत पर आया था और छत पर आने भर से उसे याद आने लगा था कि वह आखिर किसको-किसको जानता है | उसने दूर-दूर तक नजर फेरी | उसकी आँखों में कुछ और भी जले हुए घर दिखने लगे | वह दिमाग पर जोर डालने लगा कि इन जले हुए घरों में रहने वाले किन-किन लोगों को आखिर वह जानता है पर उसे उस्मान के अलावा और किसी का चेहरा याद नहीं आया | उसे आश्चर्य हुआ कि इन जले हुए घरों के बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है | अगर वह किसी से इस बात को कहे भी तो कोई उसकी बातों पर विश्वास कैसे करेगा ? पर सच तो यही था कि उसे सचमुच इन जले हुए घरों के बारे में जानकारी  नहीं थी | वह कहे कि वह पिछले चार-पांच महीनों से टीवी और अखबारों की खबरों से एकदम बेखबर है तो उसकी बातों पर भला कौन विश्वास करे? पर आज उसे यह एहसास हो रहा था कि सचमुच उसके लिए ये बातें कितनी सच हैं | आज उसे अचानक याद आया कि पत्नी ने एक बार उसे मोहल्ले की घटनाओं को लेकर कुछ बताने का प्रयास किया था पर उसने उसे यह कहकर झिड़क दिया था कि मेरा दिमाग न खाओ अभी....मुझे बहुत काम है |

"तो क्या पत्नी के पास इन जले हुए घरों के सम्बन्ध में सारी जानकारियाँ हैं ?" उसके मन में यह सवाल भी आने जाने लगा | उसे लगा ...छत पर आते ही वह सवालों के पिटारे पर अचानक बैठ गया है | अपना छुटटी का दिन भला कौन बर्बाद करे..यह सोचकर इन सवालों के पिटारे से उठ जाना ही उसने बेहतर समझा |छत की सीढियां नापते उसे घर के बरामदे तक उतरने में समय न लगा | पड़ोस की महजबीन जा चुकी थी, पत्नी भी अपनी दिनचर्या में व्यस्त थी | वह भी अपनी दिनचर्या में लीन होने लगा |   

बेटे को घुमाना आज उसकी पहली प्राथमिकता में थी | उसने सोचा शाम चार से छः इसके लिए उपयुक्त होगा | वह सेविंग करने की तैयारी करने लगा | टीवी पर इस बीच खबरें आने लगीं थीं कि आर्थिक मन्दी का बुरा असर इस वर्ष की जी डी पी पर पड़ेगा और हजारों नौकरियों के जाने का खतरा भी मंडराता रहेगा | यह खबर उसे अच्छी नहीं लगी| सेविंग करने की इच्छा उसके भीतर जाती रही पर किसी तरह मन को तसल्ली देकर उसने सेविंग तो कर लिया पर खबर का असर दिमाग में बना रहा | उसने चेनल बदल लिया | इस चेनल पर हिन्दू मुस्लिम पर जबर्दस्त डिबेट चल रहा था | इस डिबेट पर उसकी रूचि नहीं थी | कहाँ दंगा हुआ? कौन मरा ? कौन बचा? उसकी जगह नौकरी की चिंता उसके लिए बड़ी चिंता थी | उसने टीवी ऑफ कर दिया और बाथ रूम की ओर नहाने चला गया | सर पर शावर की ठण्डी बूँदें टपक रहीं थीं पर मन को नौकरी जाने का खतरा गर्म कर खौलाता रहा | एक अजीब तरह का द्वन्द उसके भीतर ही भीतर चलने लगा |

जब नोटबंदी हुआ था तो गनी राम अक्सर उससे कहा करता था कि नौकरी का कोई भरोसा नहीं, इसलिए मन में कुछ अलग सोचकर भी रखो सर ! आज उसे उसकी कुछ बातें जिसको उसने हवा में ही उस वक्त उड़ा दिया था सच लगने लगीं थीं | वह कहता था "टीवी मत देखा करो सर! टीवी में बुनियादी मुद्दों से भटकाने वाली बातें प्लांड होकर अधिक आ रही हैं | टीवी खोलो कि वही लव जेहाद , हिन्दू-मुस्लिम, फलाना-ढिकाना !"  आज वह गनी राम को थोड़ा ठीक तरीके से और जानने लगा था |

गनीराम और उसमें न जाने कितनी समानताएं और असमानताएं थीं| उन सब पर वह सोचने को आज विवश था | वह भी तो एक छोटी सी ही नौकरी करता था, उसकी भी चिंताएं उसके जैसी ही तो थीं पर उसकी तरह उसने अपने आपको अपने परिवार तक ही तो नहीं समेट लिया था कि आस पड़ोस की चिंता से आदमी अपने को एकदम विलग कर ले | गनी राम की चिंता में हर वह आदमी शामिल था जो उसके निकट और आसपड़ोस में रहकर उसकी दुनियां से बावस्ता रखता था | उसमें और गनीराम में यही एक बुनियादी फर्क था जिसका एहसास पाकर वह अपने भीतर शर्म महसूस करने लगा था |

अमूमन वह छुटटी के दिन जब घर पर होता है तो प्रसन्न रहता है पर उसके चेहरे पर आज थोड़ी उदासी चढ़ आयी थी | 93 नम्बर की पड़ोस की महजबीन को न जान पाने की घटना से उपजी स्मृतियों ने उसे धीरे धीरे मनुष्य होने की ओर आज अभिमुख किया था |

पत्नी आम तौर पर उसे दुनियां दारी में नहीं ढकेलती | उससे आसपड़ोस की घटनाओं का जिक्र भी नहीं करती पर न जाने उसे आज क्या सूझा कि वह उससे बोल बैठी - " आज आप उदास लग रहे हैं थोड़ा ! बाबू को बाहर घुमा लाइए तो मन अच्छा हो जाएगा | वापसी में उस्मान के बेटे के संस्कार में भी शामिल हो आइए, मेहजबीन उसी का दावत देने आयी थी | उस्मान आज ज़िंदा होता तो कितना खुश होता | रिजवाना की फूटी किस्मत देखिए कि बेचारी ने उस्मान के जाने के बाद बेटे को जना | ये हिन्दू-मुस्लिम दंगे भी आदमी को कितने दुःख के अंधेरों में धकेल देते हैं न राघव  !"

पत्नी की बातें सुन उसे काठ मार गया |

"तो क्या उस्मान भी ?"

"हाँ उस्मान भी !"

" आपको यह सब कब पता होगा ? क्या तब, जब हमारा खुद का बेटा किसी दिन दंगों की भेंट चढ़ जाएगा?  

बोलते-बोलते पत्नी का गला भर आया | कुर्सी पर सामने बैठी पाकर उसे , राघव को उस वक्त उसका चेहरा दुनियां का सबसे उदास चेहरा नजर आया | 

 

-----------------------------------------------------------------------------------------------------------------

 92 श्रीकुंज , बोईरदादर, रायगढ़ (छत्तीसगढ़) मो. 9752685148         

 

 

टिप्पणियाँ

इन्हें भी पढ़ते चलें...

कौन हैं ओमा द अक और इनदिनों क्यों चर्चा में हैं।

आज अनुग्रह के पाठकों से हम ऐसे शख्स का परिचय कराने जा रहे हैं जो इन दिनों देश के बुद्धिजीवियों के बीच खासा चर्चे में हैं। आखिर उनकी चर्चा क्यों हो रही है इसको जानने के लिए इस आलेख को पढ़ा जाना जरूरी है। किताब: महंगी कविता, कीमत पच्चीस हजार रूपये  आध्यात्मिक विचारक ओमा द अक् का जन्म भारत की आध्यात्मिक राजधानी काशी में हुआ। महिलाओं सा चेहरा और महिलाओं जैसी आवाज के कारण इनको सुनते हुए या देखते हुए भ्रम होता है जबकि वे एक पुरुष संत हैं । ये शुरू से ही क्रान्तिकारी विचारधारा के रहे हैं । अपने बचपन से ही शास्त्रों और पुराणों का अध्ययन प्रारम्भ करने वाले ओमा द अक विज्ञान और ज्योतिष में भी गहन रुचि रखते हैं। इन्हें पारम्परिक शिक्षा पद्धति (स्कूली शिक्षा) में कभी भी रुचि नहीं रही ।  इन्होंने बी. ए. प्रथम वर्ष उत्तीर्ण करने के पश्चात ही पढ़ाई छोड़ दी किन्तु उनका पढ़ना-लिखना कभी नहीं छूटा। वे हज़ारों कविताएँ, सैकड़ों लेख, कुछ कहानियाँ और नाटक भी लिख चुके हैं। हिन्दी और उर्दू में  उनकी लिखी अनेक रचनाएँ  हैं जिनमें से कुछ एक देश-विदेश की कई प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुक...

परदेशी राम वर्मा की कहानी दोगला

परदेशी राम वर्मा की कहानी दोगला वागर्थ के फरवरी 2024 अंक में है। कहानी विभिन्न स्तरों पर जाति धर्म सम्प्रदाय जैसे ज्वलन्त मुद्दों को लेकर सामने आती है।  पालतू कुत्ते झब्बू के बहाने एक नास्टेल्जिक आदमी के भीतर सामाजिक रूढ़ियों की जड़ता और दम्भ उफान पर होते हैं,उसका चित्रण जिस तरह कहानी में आता है वह ध्यान खींचता है। दरअसल मनुष्य के इसी दम्भ और अहंकार को उदघाटित करने की ओर यह कहानी गतिमान होती हुई प्रतीत होती है। पालतू पेट्स झब्बू और पुत्र सोनू के जीवन में घटित प्रेम और शारीरिक जरूरतों से जुड़ी घटनाओं की तुलना के बहाने कहानी एक बड़े सामाजिक विमर्श की ओर आगे बढ़ती है। पेट्स झब्बू के जीवन से जुड़ी घटनाओं के उपरांत जब अपने पुत्र सोनू के जीवन से जुड़े प्रेम प्रसंग की घटना उसकी आँखों के सामने घटित होते हैं तब उसके भीतर की सामाजिक जड़ता एवं दम्भ भरभरा कर बिखर जाते हैं। जाति, समाज, धर्म जैसे मुद्दे आदमी को झूठे दम्भ से जकड़े रहते हैं। इनकी बंधी बंधाई दीवारों को जो लांघता है वह समाज की नज़र में दोगला होने लगता है। जाति धर्म की रूढ़ियों में जकड़ा समाज मनुष्य को दम्भी और अहंकारी भी बनाता है। कहानी इन दीवा...

रघुनंदन त्रिवेदी की कहानी : हम दोनों

स्व.रघुनंदन त्रिवेदी मेरे प्रिय कथाकाराें में से एक रहे हैं ! आज 17 जनवरी उनका जन्म दिवस है।  आम जन जीवन की व्यथा और मन की बारिकियाें काे अपनी कहानियाें में मौलिक ढंग से व्यक्त करने में वे सिद्धहस्त थे। कम उम्र में उनका जाना हिंदी के पाठकों को अखरता है। बहुत पहले कथादेश में उनकी काेई कहानी पढी थी जिसकी धुंधली सी याद मन में है ! आदमी काे अपनी चीजाें से ज्यादा दूसराें की चीजें  अधिक पसंद आती हैं और आदमी का मन खिन्न हाेते रहता है ! आदमी घर बनाता है पर उसे दूसराें के घर अधिक पसंद आते हैं और अपने घर में उसे कमियां नजर आने लगती हैं ! आदमी शादी करता है पर किसी खूबसूरत औरत काे देखकर अपनी पत्नी में उसे कमियां नजर आने लगती हैं ! इस तरह की अनेक मानवीय मन की कमजाेरियाें काे बेहद संजीदा ढंग से कहानीकार पाठकाें के सामने प्रस्तुत करते हैं ! मनुष्य अपने आप से कभी संतुष्ट नहीं रहता, उसे हमेशा लगता है कि दुनियां थाेडी इधर से उधर हाेती ताे कितना अच्छा हाेता !आए दिन लाेग ऐसी मन: स्थितियाें से गुजर रहे हैं , कहानियां भी लाेगाें काे राह दिखाने का काम करती हैं अगर ठीक ढंग से उन पर हम अपना ध्यान केन्...

डॉक्टर परिधि शर्मा की कहानी - ख़त

  शिवना नवलेखन पुरस्कार 2024 अंतर्गत डॉक्टर परिधि शर्मा के कहानी संग्रह 'प्रेम के देश में' की पाण्डुलिपि अनुसंशित हुई है। इस किताब का विमोचन फरवरी 2025 के नयी दिल्ली विश्व पुस्तक मेले में शिवना प्रकाशन के स्टाल पर  किया जाएगा । यहाँ प्रस्तुत है उनकी कहानी  'ख़त' कहानी:    ख़त डॉ . परिधि शर्मा _______________ रात की सिहरन के बाद की उदासी ठंडे फर्श पर बूंद बनकर ढुलक रही थी। रात के ख़त के बाद अब कोई बात नहीं बची थी। खुद को संभालने का साहस भी मात्र थोड़ा-सा बच गया था। ख़त जिसमें मन की सारी बातें लिखी गईं थीं। सारा आक्रोश , सारे जज़्बात , सारी भड़ास , सारी की सारी बातें जो कही जानी थीं , पूरे दम से आवेग के साथ उड़ेल दी गईं थीं। ख़त जिसे किसी को भी भेजा नहीं जाना था। ख़त जिसे किसी को भेजने के लिए लिखा गया था। कुछ ख़त कभी किसी को भेजे नहीं जाते बस भेजे जाने के नाम पर लिखे जाते हैं। खिड़की के कांच के उस ओर खुली हवा थी। हवा के ऊपर आकाश। पेड़ पौधे सबकुछ। आजादी। प्रेम में विफल हो जाने के बाद की आजादी की तरह। खिड़की के पास बैठे हुए आकाश कांच के पार से उतना नंगा नहीं...

30 अक्टूबर पुण्यतिथि पर डॉ राजू पांडे को याद कर रहे हैं बसंत राघव "सत्यान्वेषी राजू पांडेय के नहीं होने का मतलब"

डॉक्टर राजू पांडेय शेम शेम मीडिया, बिकाऊ मीडिया, नचनिया मीडिया,छी मीडिया, गोदी मीडिया  इत्यादि इत्यादि विशेषणों से संबोधित होने वाली मीडिया को लेकर चारों तरफ एक शोर है , लेकिन यह वाकया पूरी तरह सच है ऐसा कहना भी उचित नहीं लगता ।  मुकेश भारद्वाज जनसत्ता, राजीव रंजन श्रीवास्तव देशबन्धु , सुनील कुमार दैनिक छत्तीसगढ़ ,सुभाष राय जनसंदेश टाइम्स जैसे नामी गिरामी संपादक भी आज मौजूद हैं जो राजू पांंडेय को प्रमुखता से बतौर कॉलमिस्ट अपने अखबारों में जगह देते रहे हैं। उनकी पत्रकारिता जन सरोकारिता और निष्पक्षता से परिपूर्ण रही है।  आज धर्म  अफीम की तरह बाँटी जा रही है। मेन मुद्दों से आम जनता का ध्यान हटाकर, उसे मशीनीकृत किया जा रहा है। वर्तमान परिपेक्ष्य में राजनीतिक अधिकारों, नागरिक आजादी और न्यायपालिका की स्वतंत्रता के क्षेत्र में गिरावट महसूस की जा रही है। राजू पांंडेय का मानना था कि " आज तंत्र डेमोक्रेसी  इलेक्टोरल ऑटोक्रेसी में तब्दील हो चुकी है ,जहां असहमति और आलोचना को बर्दाश्त नहीं किया जाता और इसे राष्ट्र विरोधी गतिविधि की संज्ञा दी जाती है।" स्थिति इतनी भयावह हो गई ...

जैनेंद्र कुमार की कहानी 'अपना अपना भाग्य' और मन में आते जाते कुछ सवाल

कहानी 'अपना अपना भाग्य' की कसौटी पर समाज का चरित्र कितना खरा उतरता है इस विमर्श के पहले जैनेंद्र कुमार की कहानी अपना अपना भाग्य पढ़ते हुए कहानी में वर्णित भौगोलिक और मौसमी परिस्थितियों के जीवंत दृश्य कहानी से हमें जोड़ते हैं। यह जुड़ाव इसलिए घनीभूत होता है क्योंकि हमारी संवेदना उस कहानी से जुड़ती चली जाती है । पहाड़ी क्षेत्र में रात के दृश्य और कड़ाके की ठंड के बीच एक बेघर बच्चे का शहर में भटकना पाठकों के भीतर की संवेदना को अनायास कुरेदने लगता है। कहानी अपने साथ कई सवाल छोड़ती हुई चलती है फिर भी जैनेंद्र कुमार ने इन दृश्यों, घटनाओं के माध्यम से कहानी के प्रवाह को गति प्रदान करने में कहानी कला का बखूबी उपयोग किया है। कहानीकार जैनेंद्र कुमार  अभावग्रस्तता , पारिवारिक गरीबी और उस गरीबी की वजह से माता पिता के बीच उपजी बिषमताओं को करीब से देखा समझा हुआ एक स्वाभिमानी और इमानदार गरीब लड़का जो घर से कुछ काम की तलाश में शहर भाग आता है और समाज के संपन्न वर्ग की नृशंस उदासीनता झेलते हुए अंततः रात की जानलेवा सर्दी से ठिठुर कर इस दुनिया से विदा हो जाता है । संपन्न समाज ऎसी घटनाओं को भाग्य से ज...

समकालीन कविता और युवा कवयित्री ममता जयंत की कविताएं

समकालीन कविता और युवा कवयित्री ममता जयंत की कविताएं दिल्ली निवासी ममता जयंत लंबे समय से कविताएं लिख रही हैं। उनकी कविताओं को पढ़ते हुए यह बात कही जा सकती है कि उनकी कविताओं में विचार अपनी जगह पहले बनाते हैं फिर कविता के लिए जरूरी विभिन्न कलाएं, जिनमें भाषा, बिम्ब और शिल्प शामिल हैं, धीरे-धीरे जगह तलाशती हुईं कविताओं के साथ जुड़ती जाती हैं। यह शायद इसलिए भी है कि वे पेशे से अध्यापिका हैं और बच्चों से रोज का उनका वैचारिक संवाद है। यह कहा जाए कि बच्चों की इस संगत में हर दिन जीवन के किसी न किसी कटु यथार्थ से वे टकराती हैं तो यह कोई अतिशयोक्ति भरा कथन नहीं है। जीवन के यथार्थ से यह टकराहट कई बार किसी कवि को भीतर से रूखा बनाकर भाषिक रूप में आक्रोशित भी कर सकता है । ममता जयंत की कविताओं में इस आक्रोश को जगह-जगह उभरते हुए महसूसा जा सकता है। यह बात ध्यातव्य है कि इस आक्रोश में एक तरलता और मुलायमियत है। इसमें कहीं हिंसा का भाव नहीं है बल्कि उद्दात्त मानवीय संवेदना के भाव की पीड़ा को यह आक्रोश सामने रखता है । नीचे कविता की कुछ पंक्तियों को देखिए, ये पंक्तियाँ उसी आक्रोश की संवाहक हैं - सोचना!  सो...

रायगढ़ के राजाओं का शिकारगाह उर्फ रानी महल raigarh ke rajaon ka shikargah urf ranimahal.

  रायगढ़ के चक्रधरनगर से लेकर बोईरदादर तक का समूचा इलाका आज से पचहत्तर अस्सी साल पहले घने जंगलों वाला इलाका था । इन दोनों इलाकों के मध्य रजवाड़े के समय कई तालाब हुआ करते थे । अमरैयां , बाग़ बगीचों की प्राकृतिक संपदा से दूर दूर तक समूचा इलाका समृद्ध था । घने जंगलों की वजह से पशु पक्षी और जंगली जानवरों की अधिकता भी उन दिनों की एक ख़ास विशेषता थी ।  आज रानी महल के नाम से जाना जाने वाला जीर्ण-शीर्ण भवन, जिसकी चर्चा आगे मैं करने जा रहा हूँ , वर्तमान में वह शासकीय कृषि महाविद्यालय रायगढ़ के निकट श्रीकुंज से इंदिरा विहार की ओर जाने वाली सड़क के किनारे एक मोड़ पर मौजूद है । यह भवन वर्तमान में जहाँ पर स्थित है वह समूचा क्षेत्र अब कृषि विज्ञान अनुसन्धान केंद्र के अधीन है । उसके आसपास कृषि महाविद्यालय और उससे सम्बद्ध बालिका हॉस्टल तथा बालक हॉस्टल भी स्थित हैं । यह समूचा इलाका एकदम हरा भरा है क्योंकि यहाँ कृषि अनुसंधान केंद्र के माध्यम से लगभग सौ एकड़ में धान एवं अन्य फसलों की खेती होती है।यहां के पुराने वासिंदे बताते हैं कि रानी महल वाला यह इलाका सत्तर अस्सी साल पहले एकदम घनघोर जंगल हुआ करता था ...

गंगाधर मेहेर : ओड़िया के लीजेंड कवि gangadhar meher : odiya ke legend kavi

हम हिन्दी में पढ़ने लिखने वाले ज्यादातर लोग हिंदी के अलावा अन्य भाषाओं के कवियों, रचनाकारों को बहुत कम जानते हैं या यह कहूँ कि बिलकुल नहीं जानते तो भी कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी ।  इसका एहसास मुझे तब हुआ जब ओड़िसा राज्य के संबलपुर शहर में स्थित गंगाधर मेहेर विश्वविद्यालय में मुझे एक राष्ट्रीय संगोष्ठी में बतौर वक्ता वहां जाकर बोलने का अवसर मिला ।  2 और 3  मार्च 2019 को आयोजित इस दो दिवसीय संगोष्ठी में शामिल होने के बाद मुझे इस बात का एहसास हुआ कि जिस शख्श के नाम पर इस विश्वविद्यालय का नामकरण हुआ है वे ओड़िसा राज्य के ओड़िया भाषा के एक बहुत बड़े कवि हुए हैं और उन्होंने अपनी कविताओं के माध्यम से  ओड़िसा राज्य को देश के नक़्शे में थोड़ा और उभारा है। वहां जाते ही इस कवि को जानने समझने की आतुरता मेरे भीतर बहुत सघन होने लगी।वहां जाकर यूनिवर्सिटी के अध्यापकों से , वहां के विद्यार्थियों से गंगाधर मेहेर जैसे बड़े कवि की कविताओं और उनके व्यक्तित्व के बारे में जानकारी जुटाना मेरे लिए बहुत जिज्ञासा और दिलचस्पी का बिषय रहा है। आज ओड़िया भाषा के इस लीजेंड कवि पर अपनी बात रखते हुए मुझे जो खु...

अख़्तर आज़ाद की कहानी लकड़बग्घा और तरुण भटनागर की कहानी ज़ख्मेकुहन पर टिप्पणियाँ

जीवन में ऐसी परिस्थितियां भी आती होंगी कि जिसकी कल्पना नहीं की जा सकती। (हंस जुलाई 2023 अंक में अख्तर आजाद की कहानी लकड़बग्घा पढ़ने के बाद एक टिप्पणी) -------------------------------------- हंस जुलाई 2023 अंक में कहानी लकड़बग्घा पढ़कर एक बेचैनी सी महसूस होने लगी। लॉकडाउन में मजदूरों के हजारों किलोमीटर की त्रासदपूर्ण यात्रा की कहानियां फिर से तरोताजा हो गईं। दास्तान ए कमेटी के सामने जितने भी दर्द भरी कहानियां हैं, पीड़ित लोगों द्वारा सुनाई जा रही हैं। उन्हीं दर्द भरी कहानियों में से एक कहानी यहां दृश्यमान होती है। मजदूर,उसकी गर्भवती पत्नी,पाँच साल और दो साल के दो बच्चे और उन सबकी एक हजार किलोमीटर की पैदल यात्रा। कहानी की बुनावट इन्हीं पात्रों के इर्दगिर्द है। शुरुआत की उनकी यात्रा तो कुछ ठीक-ठाक चलती है। दोनों पति पत्नी एक एक बच्चे को अपनी पीठ पर लादे चल पड़ते हैं पर धीरे-धीरे परिस्थितियां इतनी भयावह होती जाती हैं कि गर्भवती पत्नी के लिए बच्चे का बोझ उठाकर आगे चलना बहुत कठिन हो जाता है। मजदूर अगर बड़े बच्चे का बोझ उठा भी ले तो उसकी पत्नी छोटे बच्चे का बोझ उठाकर चलने में पूरी तरह असमर्थ हो च...